
मुम्बई और दिल्ली की फ्लाइटों में देरी से यात्री परेशान
Prayagraj News - प्रयागराज एयरपोर्ट पर बुधवार को मुम्बई और दिल्ली की फ्लाइटों में देरी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो की फ्लाइटें विशेष रूप से लेट रहीं, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई। बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट समय पर उड़ान भर गई, लेकिन मुम्बई और दिल्ली की फ्लाइटों में एक से दो घंटे की देरी रही।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। प्रयागराज एयरपोर्ट पर बुधवार को मुम्बई और दिल्ली की फ्लाइटों में देरी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासतौर पर इंडिगो की मुम्बई की फ्लाइट लगातार लेट होने से यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। प्रयागराज से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट अपने निर्धारित समय से पहले पहुंची और 12:55 बजे की जगह 12:47 बजे ही उड़ान भर गई। इसके बाद मुम्बई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट, जो दोपहर एक बजे प्रयागराज पहुंचनी थी, करीब एक घंटे की देरी से दो बजे पहुंची। इसके चलते मुम्बई के लिए जाने वाली फ्लाइट भी अपने निर्धारित समय 1:30 बजे के बजाय दोपहर 2:55 बजे उड़ान भर सकी।
इसी तरह दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी तय समय दोपहर 2:30 बजे के बजाय आधे घंटे की देरी से तीन बजे प्रयागराज पहुंची। इसका असर आगे की उड़ान पर पड़ा और दिल्ली के लिए प्रस्थान करने वाली फ्लाइट 3:10 बजे की जगह शाम 4:07 बजे रवाना हुई। इन तीनों फ्लाइटों का संचालन इंडिगो एयरलाइंस की ओर से किया जा रहा है। वहीं, अकासा एयर की मुम्बई की फ्लाइट प्रयागराज समय पर पहुंची, हालांकि यह भी अपने निर्धारित समय से करीब 10 मिनट की देरी से उड़ान भर सकी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




