अबीर-गुलाल संग उड़ी गुलाब की पंखुड़ियां
Prayagraj News - रविवार को विभिन्न संस्थाओं द्वारा होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। सनातनी किन्नर अखाड़े में धूमधाम से उत्सव मनाया गया, जहां संतों ने गुलाब की पंखुड़ियां बिखेरीं। त्रिशला फाउंडेशन ने बच्चों के साथ रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया। जगन्नाथ रथयात्रा समिति ने भी होली का उत्सव मनाया।
विभिन्न संस्थाओं की ओर से रविवार को होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। सनातनी किन्नर अखाड़े के बैरहना स्थित मुख्यालय में उत्सव धूमधाम से मनाया गया। अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर कौशल्यानंद गिरि ‘टीना मां’ की अगुवाई में समाज के संतों ने गुलाब की पंखुड़ियां बिखेरी और एक-दूसरे को गुलाल लगाया। इस दौरान चांदनी, शोभा, परी व पलक के साथ मोहल्ले के लोगों ने भी हिस्सेदारी की। सीनियर सिटीजन काउंसिल ने काउंसिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष न्यायमूर्ति राजेश कुमार के ताशकंद मार्ग स्थित आवास पर होली मिलन का आयोजन किया। इस्कॉन के प्रमुख दीनदयाल ने गीता का संदेश सुनाया तो ठाकुर जी को समर्पित राधा-कृष्ण के साथ फूलों की होली खेली गई।
संस्था के अध्यक्ष राजीव माहेश्वरी ने सभी का स्वागत किया। समारोह में महासचिव नरेश राय, देश दीपक आर्य, सुनील धवन, रविंद्र गुप्त, नवीन चंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे। त्रिशला फाउंडेशन की ओर से कर्नलगंज इंटर कालेज के मैदान में ‘होली के रंग त्रिशला के संग’ समारोह हुआ। फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष रमाशंकर ने वैदिक मंत्रोच्चार से सेरेब्रल पाल्सी से ग्रसित बच्चों को आशीर्वाद दिया। अध्यक्ष डॉ. जेके जैन की अगुवाई में बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। बच्चों ने वृंदावन जैसी फूलों की होली खेली। कृष्णा विट्ठल साकरे ने रैपिंग व बीट बॉक्सिंग की प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध किया। बच्चों ने बीमारी से ग्रसित व उनके अभिभावकों के जीवन के संघर्ष पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी की। जगन्नाथ रथयात्रा समिति (बड़ा रथ) ने मोहत्सिमगंज स्थित शिव दुर्गा हनुमान मंदिर में अबीर-गुलाल व फूलों की होली खेली। मेयर उमेशचंद्र गणेश केसरवानी व समिति अध्यक्ष कृष्ण भगवान केसरवानी संग पदाधिकारी व महिलाएं मौजूद रहीं। वहीं, श्री जगन्नाथ जी महोत्सव समिति ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्त की अगुवाई में कटघर स्थित जगन्नाथ मंदिर के परिसर में होली समारोह हुआ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


