डंपर और बस की सीधी टक्कर, चालक की मौत
खीरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बस और डंपर की टक्कर में बस चालक की मौत हो गई। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

खीरी थाना क्षेत्र के लालतारा पुलिस बूथ से करीब पांच सौ मीटर दूर गड़ार नाले के समीप गुरुवार सुबह करीब नौ बजे तेज रफ्तार बस और डंपर में सीधी टक्कर हो गई। निजी बस में सवार करीब 20 यात्रियों में दो महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बस चालक की मौत हो गई। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के बाद करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खीरी से यात्रियों को बैठाकर गुरुवार सुबह बस प्रयागराज के लिए रवाना हुई। रास्ते में गड़ार नाले के पास अचानक सामने से आ रहे डंपर से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे बस चालक देवी प्रसाद श्रीवास्तव समेत खीरी की पूजा केसरवानी, अखिलेश चंद्र मिश्रा, कौहट के बबलू आदिवासी, ढेरहन की ललिता सिंह, खुर्द खूंटा के अरविंद कुमार और पूरा दत्तू के सूरज शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में सवार अन्य यात्रियों को भी हल्की चोट लगीं। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं, डंपर चालक को भी घायल होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, बस चालक 42 वर्षीय देवी प्रसाद श्रीवास्तव निवासी सिरसा मेजा की एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रोजाना बस बबलू आदिवासी ही चलाता था, लेकिन सुबह बबलू ड्राइवर सीट के बगल में बैठा था, जबकि उसका साथी देवी प्रसाद श्रीवास्तव बस चला रहा था। खीरी थाना प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को थाने लाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। हादसे में बस चालक की मौत हो गई है। मृतक के परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


