Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsElectricity Department Negligence Leads to Sculptor s Death in Prayagraj
बिजली विभाग की बड़ी चूक, करंट लगने से मूर्तिकार की मौके पर मौत

बिजली विभाग की बड़ी चूक, करंट लगने से मूर्तिकार की मौके पर मौत

संक्षेप: Prayagraj News - प्रयागराज में एक मूर्तिकार राजन प्रजापति की मौत बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुई। खुला पैनल बॉक्स करंट लगने से उनकी जान ले ली। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई...

Wed, 22 Oct 2025 09:35 PMNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

बिजली विभाग की लापरवाही कीडगंज निवासी एक मूर्तिकार के लिए जानलेवा साबित हो गई। खुले पैनल बॉक्स से करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि खुले बॉक्स की कई बार शिकायत की गई थी लेकिन बिजली विभाग ने ध्यान नहीं दिया। मूर्तिकार की पत्नी ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कीडगंज पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।

हौली वाली गली कीडगंज निवासी 40 वर्षीय राजन प्रजापति मिट्टी की मूर्तियां बनाते थे। मंगलवार रात लगभग नौ बजे वह घर के पास ही स्थित दुकान पर सामान खरीदने गए थे। लौटते समय सड़क किनारे लगे खंभे के केबल में पैर फंसने से वह लड़खड़ा कर गिरे तो उनका हाथ ट्रांसफार्मर के खुले पैनल बॉक्स में घुस गया और करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। परिजन भी रोते-बिलखते पहुंच गए।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोग हंगामा करने लगे। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजन के परिवार में पत्नी ज्योति, तेरह वर्ष का एक बेटा और सात वर्ष की एक बेटी है। थाना प्रभारी कीडगंज संजय सिंह ने बताया कि उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजनों ने इत्तेफाकिया प्रार्थना पत्र दिया था।