एसआरएन अस्पताल में डॉक्टरों व अधिवक्ताओं में मारपीट व हंगामा, दो पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़े

Newswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

प्रयागराज में एसआरएन अस्पताल में बुधवार सुबह डॉक्टरों और अधिवक्ताओं के बीच मारपीट हुई। घायल महिला अधिवक्ता को इलाज के लिए लाया गया था, जहां विवाद के चलते हंगामा मच गया। अस्पताल की सेवाएं ठप हो गईं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैनात की गई है।

एसआरएन अस्पताल में डॉक्टरों व अधिवक्ताओं में मारपीट व हंगामा, दो पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़े

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। एसआरएन अस्पताल में बुधवार सुबह डॉक्टरों और अधिवक्ताओं के बीच मारपीट से हंगामा मच गया। आरोप है कि एक घायल महिला अधिवक्ता को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। जहां इलाज के दौरान कहासुनी के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। उधर, हंगामे की वजह से अस्पताल की सेवा भी ठप हो गई है। इससे आम मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घायल महिला अधिवक्ता का मामला

हाईकोर्ट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विशाल पांडेय ने बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट में महिला अधिवक्ताओं का एक टूर्नामेंट आयोजित होना है। पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन सुबह प्रैक्टिस सत्र चल रहा है। इसमें शामिल होने झूंसी की महिला अधिवक्ता जागृति शुक्ला सुबह करीब छह बजे आ रही थी, लेकिन रास्ते में सड़क हादसे से घायल हो गई। साथी अधिवक्ताओं को जानकारी हुई, तो जागृति को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि अस्पताल में सुबह डॉक्टर मौजूद नहीं थे। जागृति की गंभीर स्थिति को देख साथी अधिवक्ता डॉक्टरों को बुलाने की मांग करने लगे। आरोप है कि डॉक्टरों ने आकर महिला अधिवक्ताओं के साथ बदसलूकी और मारपीट की। इसकी जानकारी होते ही बड़ी संख्या में हाईकोर्ट के अधिवक्ता भी पहुंच गए। पहले तो एसआरएन अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन हालात बिगड़ते देख कोतवाली थाना समेत कई थाने की फोर्स पहुंच गई।

अस्पताल की सेवाएं ठप

इधर, हंगामे की वजह से अस्पताल की सेवा ठप हो गई। दवा और पर्ची काउंटर बंद कर दिया गया। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं ने घायल जागृति शुक्ला को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि इलाज कराने को लेकर डॉक्टरों व अधिवक्ताओं के बीच मारपीट व कहासुनी का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, स्थिति को नियंत्रित कर पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है।

सामान्य प्रश्न

क्या एसआरएन अस्पताल में मारपीट हुई?
हाँ, एसआरएन अस्पताल में डॉक्टरों और अधिवक्ताओं के बीच मारपीट हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।