Prayagraj News: खतरे का निशान दूर, लेकिन अलर्ट रहें नागरिक: डीएम
Prayagraj News: डीएम मनीष कुमार वर्मा ने गंगा-यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सलोरी कछार में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से बचाव के सभी आवश्यक उपाय किए जाएं और लोगों को सुरक्षा के लिए राहत शिविरों में भेजा जाए। एनडीआरएफ की टीम सतर्क है और राहत कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

Prayagraj News: गंगा-यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार को सलोरी कछार पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखें। डीएम ने कहा कि फिलहाल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन नदी किनारे के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है। एनडीआरएफ की टीम लगातार क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही है। उन्होंने बताया कि सभी बाढ़ राहत शिविर क्रियाशील हैं। डीएम ने लोगों से अपील की कि यदि बाढ़ का पानी बढ़ता है तो किसी तरह का जोखिम न लेते हुए सुरक्षित स्थानों पर बने बाढ़ राहत शिविरों में शिफ्ट हो जाएं।
उन्होंने नगर क्षेत्र में साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतीराज विभाग को सौंपते हुए नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दवाओं का छिड़काव कराने के साथ ही राहत शिविरों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पानी, प्रकाश, दवाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बाढ़ एवं राहत कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


