Prayagraj News: खाद्य दुकानों और स्ट्रीट वेंडरों की स्वच्छता पर सख्ती के निर्देश
Prayagraj News: डीएम मनीष कुमार वर्मा ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को तेजी से प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडरों के स्वच्छता मानकों का पालन कराने की आवश्यकता पर जोर दिया और खाद्य कारोबारियों के लिए बंद डस्टबिन के उपयोग की अनिवार्यता को बताया।

Prayagraj News: डीएम मनीष कुमार वर्मा ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को प्रवर्तन कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को संगम सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में उन्होंने छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडरों के यहां स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा। डीएम ने कहा कि सभी खाद्य कारोबारियों को बंद डस्टबिन का प्रयोग करना होगा और सड़क पर कूड़ा फेंकने पर रोक सुनिश्चित की जाए। डिस्पोजल के प्रयोग को नियंत्रित करने के साथ ही दुग्ध इकाइयों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच और ईट राइट स्कूल अभियान के मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. दीनानाथ ने विभागीय कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान एडीएम सिटी मंगलेश दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार आदि अफसर मौजूद रहे।


