
धरती से आसमान तक दीपोत्सव का उल्लास
संक्षेप: Prayagraj News - दीपोत्सव पर शहर में उत्सव का माहौल छाया रहा। सूर्यास्त के बाद गणेशजी और मां लक्ष्मी की पूजा विधिपूर्वक की गई। घरों और मंदिरों में दीप जलाए गए। पूजा के बाद आतिशबाजी और पटाखों से जश्न मनाया गया। सोशल...
दीपोत्सव का उल्लास सोमवार को शाम होते ही हर ओर नजर आया। सूर्यास्त होने के बाद जहां प्रदोष काल में भगवान गणेशजी और मां लक्ष्मी का घरों में विधि विधान से पूजन किया गया, वहीं मठ-मंदिरों से लेकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में देर रात तक पूजन-अर्चन चलता रहा। पूरा शहर आतिशबाजी, रंगबिरंगी रोशनी व पटाखों की गूंज से सराबोर होता रहा। ऐसा लगा मानो सतरंगी छटा से आकाश जगमग हो उठा। पर्व पर सुबह से ही घरों में पूजन-अर्चन के लिए साफ-सफाई की जाती रही। घरों के साथ ही पूजा स्थल झिलमिल झालर से सजाए गए। सूर्यास्त होते ही स्थिर लग्न में मां लक्ष्मी, गणेशजी व कुबेर का पूजन विधि विधान से किया जाना शुरू हुआ।

परिवार के बड़े-बुजुर्गों के सानिध्य में नए वस्त्र पहनकर परिजनों ने विधिवत भगवान गणेश व मां लक्ष्मी का पूजन किया। चौकी पर लक्ष्मी, गणेश व कुबेर की मूर्ति रखकर मौली बांधा गया। चौकी पर चारों दिशाओं में बड़े दीपक और पूजा स्थल पर कई दीपक जलाए गए। देवताओं को गंगाजल से स्नान कराकर कमलगट्टे की माला, रोली, अक्षत, मिष्ठान, धूप, धान का लावा, मधु, सफेद मेवा व दीप आदि अर्पित किया गया। फिर मां लक्ष्मी का मन में आह्वान करते हुए लोगों ने लक्ष्मी स्रोत व श्रीसूक्त का पाठ किया। पूजन-अर्चन के बीच शंखनाद हुआ तो पूजा के समापन पर घरों के कोने-कोने में दीपक जलाए गए। मठ बाघंबरी गद्दी, अलोपशंकरी मंदिर, मां कल्याणी देवी व मां ललिता देवी मंदिर सहित अन्य बड़े-छोटे मंदिरों में दीपदान किया गया। लोगों ने बड़े-बुजुर्गों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पूजन-अर्चन के दौरान पटाखे फोड़े जा रहे थे तो जैसे ही पूजा समाप्त हुई, वैसे ही लोगों ने आतिशबाजी शुरू कर दी। अनार, पटाखा, रंगबिरंगी फुलझड़ी जलाकर जश्न मनाया। गली-मोहल्लों से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर देर रात तक आतिशबाजी होती रही। सोशल मीडिया बधाई संदेशों से पटा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सअप, फेसबुक, इंस्टाग्राम व एक्स आदि पर सुबह से ही दीपावली के बधाई संदेश भेजे जाने शुरू हो गए। शाम को पूजन-अर्चन के बाद पर्व की खुशियों से संबंधित तस्वीरें व वीडियो लोगों ने शेयर की। किसी ने पूरे परिवार की तस्वीरें अपलोड की तो अधिकतर पोस्ट पटाखा फोड़ने, आतिशबाजी की लोगों ने अपलोड की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




