डीएम ने कृष्ण मृग संरक्षण क्षेत्र को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने का दिया निर्देश
Prayagraj News - प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने यमुनापार में कृष्ण मृग संरक्षण क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इसे ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। डीएम ने क्षेत्र में वृक्षारोपण की...

प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को यमुनापार में चांद खम्हरिया स्थित कृष्ण मृग संरक्षण क्षेत्र का निरीक्षण किया। वन विभाग के अधिकारियों के साथ निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने कृष्ण मृग संरक्षण क्षेत्र को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। डीएम ने डीएफओ के साथ सबसे पहले चांद खम्हरिया के लगभग 21 हेक्टेयर क्षेत्र में लगाए गए विभिन्न प्रकार के पेड़ पौधों का निरीक्षण किया। इसके बाद हिरण पार्क गए। पार्क के वाच टावर पर चढ़कर दुर्लभ ब्लैक बग को देखा। डीएम ने डीएफओ से पूछा कि कृष्ण मृग क्षेत्र में और कौन सा कार्य किया जाए, जिससे इनकी संख्या में तेजी से इजाफा हो सके।
डीएफओ व वन रेंजर अजय सिंह से पूरी जानकारी लेने के बाद डीएम महुली, चांद खम्हरिया सहित आसपास के गांवों से पहुंचे और ग्रामीणों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मौके पर उपस्थित रहे जिला पंचायत सदस्य राजेश कुमार सिंह व महुली के प्रधान बिमल नारायण तिवारी, चांद खम्हरिया के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि नारायण पांडेय ने बताया कि महुली व चांद खम्हरिया सहित आसपास के गांवों में बेलन नहर का पानी समय पर नहीं पहुंचता। यह भी बताया कि कुत्ते हिरणों पर हमला करते हैं। इसके अलावा, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य की समस्याएं हैं। डीएम ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनने के बाद निराकरण का भरोसा दिया। कहा कि वह जल्द ही चांद खम्हरिया दोबारा आएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




