स्कूलों, बारातघरों और अस्पतालों में हो पार्किंग की व्यवस्था : डीएम
Prayagraj News - जिला प्रशासन ने सड़कों पर जाम की समस्या को गंभीरता से लिया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सभी स्कूलों, अस्पतालों और विवाहघरों में पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। स्थायी होल्डिंग एरिया बनाने के लिए कमेटी का गठन किया गया है। सड़क सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं।

सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर जिला प्रशासन गंभीर हो गया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को संगम सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्देश दिए कि सभी स्कूलों, अस्पतालों और विवाहघरों में पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने अफसरों से कहा कि जहां पर वाहन सड़क पर खड़े होते हैं, वहां नोटिस दिया जाए। न मानने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए डीएम ने पीडीए को निर्देशित किया कि भवन, मैरिज हाल, स्कूल, अस्पताल के निर्माण से पूर्व नक्शा पास करते वक्त पार्किंग की व्यवस्था है या नहीं इसे सुनिश्चित करें।
शहर को जाम से मुक्त करने के लिए लखनऊ, प्रतागपढ़, वाराणसी, मिर्जापुर व रीवा रूट से आने वाले वाहनों के लिए फाफामऊ, झूंसी, नैनी सहित सभी प्रवेश मार्गों पर स्थायी होल्डिंग एरिया बनाने के लिए जमीन चिह्नित की जाएगी। इसके लिए एडीएम सिटी सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दी है। समिति में एआरएम रोडवेज व एडीसीपी (टैªफिक), पुलिस विभाग व अपर नगर आयुक्त और परिवहन विभाग के अफसर रहेंगे। शून्य मृत्यु दर (जेडएफडी) कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए सेव लाइफ फाउंडेशन के बनाए रोड सेफ्टी प्लान के क्रिटिकल कॉरिडोर की सूची में दिए गए कोऑर्डिनेट के आधार पर रोड सेफ्टी सर्वे कर कार्ययोजना मांगी है। बैठक में लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन पीके राय, सुरेंद्र सिंह, एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह, टेंपो टैक्सी यूनियन के उपाध्यक्ष रघुनाथ द्विवेदी, अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे, रमाकांत रावत आदि मौजूद रहे। बैठक में अहम फैसले - लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, नगर-निगम, पीडीए चौराहों पर जेब्रा क्रासिंग बनाए। - चौराहों पर पार्किंग, ठेला न लगे, इसे नो ऑक्यूपेशन जोन घोषित करने की बात कही। - सभी इंट्री प्वाइंटों पर पोस्ट एक्सीडेंट केयर फैसिलिटी के लिए आवश्यक रिकवरी वाहन रहें। - स्कूली वाहनों के फिटनेस परीक्षण के लिए सर्विस स्टेशन की जगह चिह्नित की जाए। - दुर्घटनाओं में कम नुकसान के लिए राष्ट्रीय मार्गों के नजदीक ट्रामा सेंटरों व अस्पताल सक्रिय रहें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



