Prayagraj News: दुकान के सामने शव दफनाने को लेकर विवाद
Prayagraj News: सरायइनायत थाना क्षेत्र के नसीरापुर गांव में दो पक्षों में शव दफनाने को लेकर विवाद हुआ। मृतका नफीसा बेगम के परिजन वाराणसी राजमार्ग पर दफनाने के लिए गड्ढा खोद रहे थे, जबकि दूसरे पक्ष ने आपत्ति की। तहसीलदार के साथ पुलिस ने समस्या का समाधान किया और दोनों पक्षों की सहमति से शव को दफनाया गया।

Prayagraj News: सरायइनायत थाना क्षेत्र के नसीरापुर गांव में सोमवार सुबह शव दफनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ता देख एक पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। फूलपुर तहसीलदार राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और विवादित स्थल की पैमाइश कराई, उसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से शव को दफनाया गया। नसीरापुर गांव निवासी अब्दुल लतीफ की 67 वर्षीय पत्नी नफीसा बेगम का रविवार शाम निधन हो गया था। सोमवार सुबह परिजन वाराणसी राजमार्ग के किनारे स्थित डुडुही निवासी सूरज कुशवाहा की किराना दुकान के सामने शव दफनाने के लिए गड्ढा खोद रहे थे। सूरज ने इसका विरोध किया तो मुस्लिम पक्ष के लोग बिफर पड़े।
सूरज ने दावा किया कि उसके पूर्वजों की जमीन पर जबरन कब्र खोदी जा रही है। वहीं दूसरे पक्ष का दावा था कि वह आराजी नंबर 127 में कब्र खोद रहे हैं। तहसीलदार ने मौके पर दोनों आराजी नंबर की पैमाइश कराई। जहां कब्र खोदी जा रही थी वहां से 3 फीट पूरब की ओर खिसकाने पर दोनों पक्ष सहमत हो गए। फिलहाल भारी पुलिस बल की उपस्थिति में शव को दफन कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार गौतम ने बताया कि राजस्व टीम ने मामला सुलझा दिया।


