
डिजिटल होगा उच्च शिक्षा निदेशालय, धूल नहीं फांकेंगी फाइलें
Prayagraj News - प्रयागराज में उच्च शिक्षा निदेशालय के कार्यों का डिजिटाइजेशन किया जाएगा। इससे कार्यों में तेजी आएगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। सचिव अमृत त्रिपाठी ने विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया और कार्यों को डिजिटल रूप देने के लिए चर्चा की। तकनीकी विशेषज्ञों के साथ वर्कफ्लो तैयार किया जाएगा, जिससे कार्य निष्पादन और सुगम होगा।
प्रयागराज। उच्च शिक्षा प्रशासन में दक्षता बढ़ाने, पारदर्शिता लाने और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के उद्देश्य से उच्च शिक्षा निदेशालय के कार्यों का पूरी तरह डिजिटाइजेशन होगा। इससे महीनों फाइलें धूल नहीं फांकेंगी और कामकाज में तेजी आएगी। सचिव उच्च शिक्षा अमृत त्रिपाठी के नेतृत्व में शासन की टीम और तकनीकी विशेषज्ञों ने उच्च शिक्षा निदेशालय के अफसरों संग शनिवार को डिजिटाइजेशन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। शनिवार को 11 बजे के बाद पहुंचे सचिव अमृत त्रिपाठी ने सबसे पहले विभिन्न अनुभागों जैसे डिग्री प्लान व अर्थ आदि के कार्यों का गहन निरीक्षण किया। शासन के विशेष सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के साथ निदेशालय, विश्वविद्यालय, राजकीय, अनुदानित और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के संबंध उच्च शिक्षा निदेशालय स्तर से किए जा रहे सभी कार्यों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए वर्कफ्लो तैयार करने और उसे डिजिटल स्वरूप देने के लिए चर्चा की।
आईटी विशेषज्ञों के साथ उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमित भारद्वाज, संयुक्त निदेशक डॉ. शशि कपूर, सहायक निदेशकों डॉ. बीएल शर्मा, डॉ. अजीत सिंह व डॉ. एसकेएस पांडेय और वित्त नियंत्रक प्रदीप कुमार के साथ बैठक की। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के कार्य निष्पादन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारियों और कुलसचिवों के स्तर से किए जा रहे कार्यों को और सुगमतापूर्वक करने के लिए रूपरेखा तैयार करने के निर्देश आईटी विशेषज्ञों एवं उच्च शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों को दिए। तकनीकी टीम ने हर अनुभागों के कर्मचारियों को बुलाकर कार्यों की समीक्षा की कि वहां कौन-कौन से काम कैसे होते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




