प्रयागराज में डिजिटल कुम्भ म्यूजियम की परियोजना निरस्त
Prayagraj News - प्रयागराज में डिजिटल कुम्भ म्यूजियम निर्माण की परियोजना को निरस्त कर दिया गया है। शासन ने महानिदेशक पर्यटन को निर्देश दिया है कि पूर्व में जारी राशि ब्याज सहित लौटाई जाए। म्यूजियम के लिए 21.38 करोड़...
प्रयागराज। प्रयागराज में डिजिटल कुम्भ म्यूजियम निर्माण की परियोजना निरस्त कर दी गई है। शासन ने परियोजना निरस्त करने के सिलसिले में महानिदेशक पर्यटन को पत्र भेजा है। पत्र में म्यूजियम निर्माण के लिए पूर्व में जारी राशि ब्याज सहित लौटाने का भी निर्देश दिया है। प्रदेश सरकार ने महाकुम्भ के पहले अरैल में डिजिटल कुम्भ म्यूजियम निर्माण की योजना बनाई थी। म्यूजियम निर्माण के लिए अरैल में 10 हजार वर्ग मीटर जमीन भी चिह्नित की गई थी। सीएंडडीएस को पहले म्यूजियम निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सीएंडडीएस सितंबर तक म्यूजियम का निर्माण शुरू नहीं कराया तो यह जिम्मेदारी प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड को दी गई।

महाकुम्भ के पहले म्यूजियम का निर्माण पूरा करने से प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड ने भी हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद तय हुआ कि महाकुम्भ के बाद म्यूजियम का निर्माण होगा। बीच में यह भी चर्चा थी कि पीपीपी मॉडल पर म्यूजियम का निर्माण कराया जा सकता है। संग्रहालय निर्माण के लिए 21.38 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया था। ढांचे का निर्माण शुरू करने के लिए शासन ने 11 सितंबर 2024 को छह करोड़ रुपये जारी किए। पत्र में अनु सचिव सर्वेश कुमार सिंह ने महानिदेशक पर्यटन को ब्याज सहित छह करोड़ रुपये राजकोष में जमा करने के लिए कहा है। यह राशि पत्र जारी होने के बाद एक सप्ताह में जमा करनी होगी। म्यूजियम में डिडिजिटल माध्यम से समु्द्र मंथन के साथ वाइड स्क्रीन पर देश के विभिन्न हिस्सों में होने वाले महाकुम्भ, कुम्भ के बारे में जानकारी देने की योजना थी। वर्जन-- डिजिटल महाकुम्भ म्यूजियम परियोजना को पूरी तरह समाप्त नहीं किया गया है। म्यूजियम का निर्माण पर्यटन विभाग को कराना था। अब पर्यटन विभाग निर्माण नहीं कराएगा। इसका निर्माण कराने की योजना पर मंथन हो रहा है। - विजय किरन आनंद, कुम्भ मेला अधिकारी प्रयागराज

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


