Prayagraj News: कान्हा की छठी पर थिरके भक्त, निकली शोभायात्रा
Prayagraj News: संगमनगरी में कान्हा का छठी उत्सव बुधवार को आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री कटरा रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित छह दिवसीय कृष्णलीला का समापन हुआ।

Prayagraj News: संगमनगरी में कान्हा का छठी उत्सव बुधवार को आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री कटरा रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित छह दिवसीय कृष्णलीला का समापन हुआ। समापन पर कृष्ण व बलराम के मथुरा आगमन, कृष्ण व कंस के मल्लों (पहलवानों) के बीच मल्ल युद्ध के प्रसंगों का मंचन दर्शकों को रोमांचित कर उठा तो कान्हा के छठी उत्सव पर ढोल-नगाड़ों पर भक्त थिरकते रहे। कमेटी के अध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्त कक्कू भइया की अगुवाई में पदाधिकारियों ने कलाकारों को सम्मानित किया। मां कल्याणी देवी मंदिर में पुजारी श्यामजी पाठक ने विधि-विधान से छठी पूजा की। मंदिर परिसर में कृष्ण-राधा का पनघट पर रासलीला व कंस वध पर केंद्रित झांकियों का आकर्षण दिखाई दिया।
रूप गौड़ीय मठ में महंत अवधूत ने कान्हा को नया वस्त्र धारण कराया, मिश्री-माखन का भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। श्री ब्रज रसिक भजन मंडल लूकरगंज के पदाधिकारियों ने श्यामा सदन में उत्सव आयोजित किया। ब्रज गोपियों का बधावा लेकर आगमन होने का दृश्य मंत्रमुग्ध करता रहा। श्यामा सदन के मंच पर डॉ. अखिल निगम की अगुवाई में श्रीकृष्ण की नटखट बाललीला का मंचन बाल कलाकारों ने किया।दारागंज में भव्यता के साथ शोभायात्रा निकाली गई। डीजे की धुन पर भगवान कृष्ण को समर्पित भजनों पर जमकर थिरकते दिखाई दिए। यात्रा में दारागंज रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कुल्लू यादव, संदीप यादव, अनामिका चौधरी, तीर्थराज पांडे आदि शामिल रहे।

