उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़ी आस्था की भीड़
Prayagraj News - प्रयागराज में लोकआस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने सुबह चार बजे से घाटों पर आकर सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार के कल्याण की कामना की। इस दौरान आतिशबाजी और प्रसाद...
प्रयागराज। लोकआस्था के महापर्व पर उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देने के लिए शुक्रवार को संगम व गंगा-यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर में चार बजे से पहले ही तटों पर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों का आना शुरू हो गया। निर्धारित पूजा की वेदी को शुद्ध करके विधिविधान से पूजन किया। उदित होते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने पुत्रों के दीर्घायु होने के साथ ही परिवार के कल्याण की मंगलकामना की। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय सूर्योपासना के महापर्व का समापन हुआ। सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बलुआघाट पर जुटी हजारों व्रती महिलाओं ने भोरवे से ठाड़ बानी काहे तरसावे, ला सुरुज काहे देर लगावे ला...गाकर सुरलहरी बिखेरी। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने घाटों पर विधिविधान से छठ और गंगा मइया की पूजा की। उसके बाद एक दूसरे के मस्तक पर सिंदूर लगाकर सदा सुहागिन रहने का आशीष दिया। घाटों पर लोगों ने पर्व के उल्लास में आतिशबाजी की और पटाखे दागकर खुशियां मनाई। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर लौटने के बाद व्रती महिलाओं ने मोहल्ले में छठ मइया का प्रसाद वितरित किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।