शिव वास योग में मनेगी देव दीपावली, 5.3 लाख दीपों से जगमग होगा संगम तट
संक्षेप: Prayagraj News - देव दीपावली के अवसर पर संगम तट लाखों दीपों से जगमगाएगा। इस बार भद्रावास और शिव वास जैसे मंगलकारी योग बन रहे हैं। पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:15 से 7:18 बजे तक है। प्रशासन ने संगम क्षेत्र को 5.3 लाख दीपों से सजाने और आतिशबाजी के साथ लेजर शो का आयोजन किया है।
देव दीपावली के अवसर पर बुधवार को संगम तट लाखों दीपों से जगमगाएगा। पर्व पर इस बार भद्रावास और शिव वास जैसे मंगलकारी योग बन रहे हैं। जिसमें पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि व सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। स्वामी नरोत्तमानंद गिरि वेद विद्यालय, झूंसी के वेदाचार्य ब्रज मोहन पांडेय ने बताया कि पूजन के लिए शुभ मुहूर्त (प्रदोष काल) शाम 5:15 बजे से 7:18 बजे तक है, जो दीपदान के लिए शुभ समय है। प्रशासन की ओर से दीपावली पर संगम तट पर वीआईपी घाट से लेकर, गंगा आरती स्थल व अन्य घाटों को 5.3 लाख दीपों से सजाया जाएगा।

आकर्षक रोशनी के बीच दीपों से अलग-अलग कलाकृतियां बनाई जाएंगी तो सैंड आर्ट से कलाकारी भी की जाएगी। तट पर आतिशबाजी के साथ लेजर शो का भी आयोजन होगा। इसके लिए पूरे क्षेत्र को 15 ब्लॉक में विभाजित किया गया है। जिलाधिकारी मनीष वर्मा अधिकारियों के साथ मंगलवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए संगम क्षेत्र, बलुआघाट व गऊघाट पहुंचे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को घाटों पर मोबाइल टॉयलेट, पीने के पानी की व्यवस्था, चकर्ड प्लेट व मार्गों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। सभी ब्लॉकों में संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट में मुस्तैदी के साथ पर्व को सकुशल कराने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजयपाल शर्मा, नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा व प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




