चाइनीज मंझे से हादसा, प्राइवेट फाइनेंस कर्मी घायल; पुलिस ने शुरू किया अभियान
Prayagraj News - सरकारी सख्ती के बावजूद चाइनीज मंझे पर रोक नहीं लग रही है। एक प्राइवेट फाइनेंस कर्मचारी, महेंद्र सिंह, बाइक से लौटते समय चाइनीज मंझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके चेहरे पर सात टांके लगे। पुलिस ने चाइनीज मंझे के खिलाफ अभियान शुरू किया है।
शासन और प्रशासन की सख्ती के बावजूद प्रतिबंधित चाइनीज मंझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को सिविल लाइंस इलाके में एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी महेंद्र सिंह इस जानलेवा मंझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी अचानक गले और चेहरे पर मंझा फंसने से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। पास मौजूद छात्रों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी नाक और आंख के पास आए गहरे जख्मों को भरने के लिए सात टांके लगाने पड़े।
पुलिस अभियान के बीच धड़ल्ले से बिक्री
हैरानी की बात यह है कि पुलिस कमिश्नर के आदेश पर सोमवार से ही चाइनीज मंझे के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, फिर भी इसकी बिक्री और इस्तेमाल बेरोकटोक जारी है। पीड़ित महेंद्र सिंह, जो अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार एसोसिएशन के मंडल प्रभारी भी हैं, इस लापरवाही का शिकार हुए हैं।
यह घटना शहर के सुरक्षित माने जाने वाले पत्रिका चौराहा मार्ग पर हुई, जो प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े करती है। इस जानलेवा धागे पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद चोरी-छिपे हो रही बिक्री राहगीरों के लिए लगातार खतरा बनी हुई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




