Prayagraj News: अवैध कब्जे के मामले में राजस्व निरीक्षक पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति
Prayagraj News: बारा तहसील में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है। एसडीएम डॉ. गणेश कुमार कनौजिया ने मुख्य राजस्व अधिकारी को पत्र लिखकर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। विभिन्न शिकायतों के आधार पर जांच हो रही है और कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

Prayagraj News: बारा तहसील में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और न्यायालय के आदेशों के पालन में लापरवाही के मामले में क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। एसडीएम बारा डॉ. गणेश कुमार कनौजिया ने इस संबंध में मुख्य राजस्व अधिकारी को पत्र भेजकर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की है। एसडीएम की ओर से भेजे गए पत्र में ग्राम सैफपुर, तहसील बारा में सरकारी भूमि पर स्थायी निर्माण कराए जाने की शिकायत मिली थी। आरोप है कि क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक विजयकांत पांडेय और क्षेत्रीय लेखपाल आलोक रंजन ने नियमानुसार कार्रवाई नहीं की। जांच में सामने आया कि भूमि पर बनी स्थायी संरचना को नौ जुलाई को हटाया गया, जबकि संबंधित प्रकरण में न्यायालय की ओर से पहले से ही बेदखली का आदेश पारित किया जा चुका था।
उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के तहत बेदखली आदेश के विरुद्ध अपील की अवधि एक माह होती है। इस दौरान सक्षम न्यायालय से स्थगन आदेश न होने की स्थिति में बेदखली की कार्रवाई की जा सकती है। इसके बावजूद संबंधित राजस्व निरीक्षक ने कार्रवाई में अनावश्यक विलंब किया और न ही उच्चाधिकारियों को समय से अवगत कराया। एसडीएम ने एक अन्य शिकायत का भी उल्लेख किया है, जिसमें ग्राम शिवराजपुर में सरकारी भूमि पर पक्का मकान बनाकर अवैध कब्जा किए जाने की जानकारी दी गई थी। इस मामले में भी क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक के स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच के लिए नायब तहसीलदार को जांच अधिकारी नामित किया गया है। एसडीएम ने सीआरओ से राजस्व निरीक्षक विजयकांत पांडेय के खिलाफ कठोर विभागीय व दंडात्मक कार्रवाई करने की संस्तुति की है। साथ ही कहा है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


