Prayagraj News: दर्शन देने भव्यता के साथ निकले श्रीकृष्ण-बलदाऊ
Prayagraj News: धार्मिक, सामाजिक व एकजुटता का प्रतीक दधिकांदो मेला शनिवार को चांदपुर सलोरी से शुरू हुआ। यह मेला 26 सितंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में परंपरा और उत्सव के साथ मनाया जाएगा। शुभारंभ के मौके पर श्रीकृष्ण और बलदाऊ का विधिपूर्वक पूजन किया गया, जिसमें पुष्पवर्षा और शोभायात्रा हुई।

Prayagraj News: धार्मिक, सामाजिक व एकजुटता का प्रतीक दधिकांदो मेला का शनिवार को चांदपुर सलोरी से शुभारंभ हो गया। 26 सितंबर तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में परंपरा और उत्सव के साथ मेला आयोजित किया जाएगा। सलोरी दधिकांदो मेले में पुष्पवर्षा के बीच भव्यता से श्रीकृष्ण-बलदाऊ दर्शन देने के लिए निकले। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, महापौर गणेश केसरवानी और एडीएम सिटी सत्यम मिश्र, दधिकांदो मेला कमेटी के अध्यक्ष राकेश शुक्ल कंचन और कमेटी के पदाधिकारियों ने प्राचीन शिव मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण व बलदाऊ का विधि-विधान से पूजन करके किया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर श्रीकृष्ण-बलदाऊ को फूलों से सजी बघ्घी पर आसीन किया गया। श्रीकृष्ण-बलदाऊ के दर्शन के लिए निकलते ही जय ब्रह्मचारी…-जय कृष्ण-मुरारी के जयकारे गूंज उठे। पुष्पवर्षा कर लोगों ने श्रद्धाभाव से जगह-जगह स्वागत किया। शोभायात्रा सलोरी के मुख्य मार्ग से शुक्ला मार्केट, ईश्वर शरण पुलिस चौकी, शुतुरखाना, पहलवान वीर बाबा, ईसाई बस्ती, बघाड़ा, सादियाबाद होते हुए शिव मंदिर पहुंची। दल के आगे श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित 12 आकर्षक चौकियां सामाजिक, धार्मिक संदेश देते हुए शोभा बढ़ा रहीं थीं.
तीन किमी तक रोशनी से नहाया सलोरी
मेले में देर रात तक उल्लास छाया रहा तो वहीं सांस्कृतिक विविधता के रंग बिखरे। 22 रोशनी कमेटियों ने लगभग तीन किमी तक क्षेत्र को बहुरंगी रोशनी से जगमग किया। मौसम साफ होने के कारण मेले में उमंग-उत्साह और बढ़ गया। सड़क के दोनों ओर लगी चाट, पैकड़ा, मिठाई, अनरसा, खिलौना, गुब्बारा की दुकानों पर बच्चों व बड़ों की भीड़ देर रात तक जुटी रही। मेला कमेटी के अध्यक्ष कंचन शुक्ला, महामंत्री नवीन शुक्ला, कार्यवाहक अध्यक्ष देवेश शुक्ला, उपसंरक्षक हरिहरानंद शुक्ला, दिनेश शुक्ला, राजेश शुक्ला, उपाध्यक्ष उदित शुक्ला (सोनू), कोषाध्यक्ष पंकज महरा, मंत्री मणि शुक्ला, अंशु शुक्ला, डब्लू शुक्ला, शनि शुक्ला, वर्षाती निषाद, नरेंद्र यादव व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

