
जॉब रजिस्ट्रेशन साइट्स से डेटा लीक, डार्क वेब पर बिक रहा युवाओं का भविष्य
Prayagraj News - प्रयागराज में बेरोजगार युवाओं को साइबर अपराधियों ने नए जाल में फंसाया है। नकली नौकरी के ऑफर और व्यक्तिगत जानकारी लीक होने से ठगी की घटनाएं बढ़ गई हैं। हाल ही में कई युवाओं से लाखों रुपये ठगे गए हैं। साइबर पुलिस ने युवाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है और संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट करने को कहा है।
प्रयागराज में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। साइबर अपराधी अब शेयर बाजार और डिजिटल अरेस्ट के बाद वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी कर रहे हैं। ये ठग व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर मैसेज भेजकर घर बैठे कम समय में ज्यादा कमाई का लालच देते हैं। दरअसल, जब युवा जॉब वेबसाइट्स पर अपना रजिस्ट्रेशन करते हैं, तो वहां से उनका डेटा लीक होकर इन अपराधियों तक पहुंच जाता है।
पिछले कुछ महीनों में ऐसे दो दर्जन से ज्यादा मामले सामने आए हैं। राजापुर के सत्येंद्र और मुट्ठीगंज के रजनीश जैसे कई युवा इसका शिकार हुए हैं। ठग पहले छोटे-छोटे टास्क के बदले 50-100 रुपये देकर भरोसा जीतते हैं और फिर बड़ा अमाउंट निवेश करवाकर रफूचक्कर हो जाते हैं।
निजी जानकारी शेयर करते समय रहें सावधान
पुलिस अधिकारी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि यह सारा खेल डार्क वेब का है, जहाँ आपका निजी डेटा बेचा जाता है। अपराधी वहीं से नंबर लेकर आपको फंसाते हैं। पुलिस ने साफ कहा है कि किसी भी अनजान लिंक या जॉब ऑफर वाले मैसेज पर भरोसा न करें। असली नौकरी देने वाले कभी आपसे पैसों की मांग नहीं करते और न ही टेलीग्राम पर टास्क पूरा करवाते हैं। अगर कोई पहले पैसे मांगे या अपनी बैंक डिटेल शेयर करने को कहे, तो समझ जाइए कि यह फ्रॉड है। ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत साइबर थाने या हेल्पलाइन पर दें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




