प्रयागराज, अयोध्या, मिर्जापुर में सैन्य भूमि पर कब्जा करने वालों पर कसेगा शिकंजा
प्रयागराज, अयोध्या और मिर्जापुर में सैन्य भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। रक्षा संपदा कार्यालय ने उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी है ताकि सैन्य भूमि पर अवैध कब्जों को हटाया जा सके। रिपोर्ट के अनुसार, इन कब्जों की पहचान कर ली गई है और सभी को हटाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

प्रयागराज। प्रयागराज, अयोध्या और मिर्जापुर में सैन्य भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी हो रही है। तीनों जिलों की सैन्य भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों की पहचान कर सूची बनाई गई है। सैन्य भूमि पर सैकड़ों लोगों का अवैध कब्जा हटाने के लिए रक्षा संपदा कार्यालय ने उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी है। रक्षा संपदा कार्यालय की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट के अनुसार प्रयागराज की नई छावनी में तीन एकड़ भूमि पर 100 से अधिक लोगों ने अवैध कब्जा किया है। मिर्जापुर में 400 एकड़ हवाईपट्टी की 100 एकड़ भूमि पर खेती हो रही है।
कुछ लोगों ने हवाई पट्टी की भूमि पर निर्माण भी किया है। अयोध्या में चार अलग-अलग सैन्य भूमि पर 252 परिवार मकान बना चुके हैं।अयोध्या में गुप्तारघाट, अयोध्या कैंट, निर्मली कुंड, मिरन घाट पर निर्माण किया गया है। रक्षा संपदा विभाग ने तीनों जिलों में रक्षा भूमि पर अवैध कब्जे का सबसे पहले सर्वे किया गया। इसके बाद अवैध कब्जा करने वालों का पक्ष सुना गया। किसी से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर रक्षा संपदा कार्यालय ने सबको रक्षा भूमि से हटने के लिए कहा है। प्रयागराज मंडल के रक्षा संपदा अधिकारी एके मिश्रा ने बताया कि तीनों जिलों की रक्षा भूमि पर अवैध कब्जे की रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गई है, क्योंकि सभी अवैध निर्माण 20 साल से अधिक पुराने हैं। इनको हटाने के लिए अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद सभी अवैध कब्जों को हटाया जाएगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


