लाइलाज हो रही दूषित जलापूर्ति की समस्या
Prayagraj News - प्रयागराज में लोगों को पीने और नहाने के लिए साफ पानी नहीं मिल रहा है। विजिलेंस इंस्पेक्टर देवेंद्र नाथ उपाध्याय ने कहा कि पिछले एक महीने से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। तिलकनगर और आनंद अखाड़ा रोड के लगभग 900 परिवार इस समस्या का सामना कर रहे हैं। जलकल की टीम समस्या का समाधान नहीं कर पा रही है।
प्रयागराज। पीने का पानी छोड़िए, जब नहाने के लिए भी साफ पानी नहीं मिल पा रहा है तो मन होता है कि घर ही बेच दें। घर में लगातार दूषित जलापूर्ति से परेशान विजिलेंस इंस्पेक्टर देवेंद्र नाथ उपाध्याय ने कहा कि एक महीने से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। कभी-कभी तो पानी स्नान करने लायक भी नहीं रहता। सोमवार बिना स्नान किए बगैर कार्यालय जाना पड़ा। इंस्पेक्टर देवेंद्र नाथ उपाध्याय की तरह अल्लापुर के तिलकनगर में हर व्यक्ति दूषित जलापूर्ति की समस्या से परेशान है। 500 परिवारों के मोहल्ले में एक महीने से दूषित जलापूर्ति की समस्या है। दूषित जलापूर्ति रोकने के लिए तिलकनगर का नलकूप बंद कर दिया गया।
इसके बाद भी समस्या जस की तस है। जलकल की टीम एक पखवा़ड़े से दूषित जलापूर्ति की वजह ढूंढ रही है। जगह-जगह जमीन खोदकर पाइप की जांच की जा रही है, लेकिन सैकड़ों घरों में गंदा पानी सप्लाई होने का पता नहीं चल पाया है। मोहल्ले के लगभग 500 घर दूषित जलापूर्ति की चपेट में हैं। दूषित जलापूर्ति की समस्या दो दिन पहले तक तिलकनगर तक सीमित थी। अब यह समस्या आनंद अखा़ड़ा रोड और ऊंट वाली गली तक पहुंच गई। दोनों मोहल्लों के भवनस्वामी पूरा पड़ाइन के पार्षद विनय मिश्रा से शिकायत कर रहे हैं। पार्षद ने बताया कि आनंद अखाड़ा और ऊंट वाली गली के तकरीबन 400 घरों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। आनंद अखाड़ा रोड के राजीव मालवीय और ऊंट वाली गली के शिवमूर्ति सिंह ने बताया कि दूषित जलापूर्ति की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। शिकायत करने पर कुछ दिन राहत मिलती है। उसके बाद फिर गंदा पानी आने लगता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




