Prayagraj News: 35 करोड़ से मंडल में बनेंगे 25 पंचायत उत्सव भवन
Prayagraj News: प्रयागराज में ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत उत्सव भवनों का निर्माण किया जा रहा है। 25 भवनों पर 35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। हर विधानसभा में एक-एक भवन बनेगा, जिससे ग्रामीण शादियों और कार्यक्रमों के लिए शहर नहीं जाएंगे। भवनों में कई सुविधाएं होंगी, जैसे रसोईघर और शौचालय।

Prayagraj News: प्रयागराज। ग्रामीण क्षेत्रों में शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अब लोगों को शहर की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत उत्सव भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। प्रयागराज मंडल में कुल 25 पंचायत उत्सव भवन बनाए जाएंगे। इन पर 35 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। उप निदेशक पंचायत सतीश कुमार ने बताया कि मंडल में प्रयागराज जिले में सबसे अधिक 12 पंचायत उत्सव भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। इन पर 18.75 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। जिले की सभी 12 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक पंचायत उत्सव भवन बनाया जा रहा है। सभी भवनों की डीपीआर निदेशालय से स्वीकृत हो चुकी है और टेंडर के लिए पत्रावली जिलाधिकारी को भेजी गई है। प्रयागराज के अलावा प्रतापगढ़ में छह, फतेहपुर में पांच और कौशाम्बी में दो पंचायत उत्सव भवनों का निर्माण होगा। प्रत्येक भवन के लिए सवा करोड़ रुपये से अधिक का बजट स्वीकृत हुआ है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू होगा。
गेस्ट हाउस जैसी मिलेंगी सुविधाएं
पंचायत उत्सव भवनों में करीब 100 लोगों की क्षमता वाला हाल, स्टेज और मंडप, तीन कमरे, रसोईघर और शौचालय बनाए जाएंगे। भूतल पर दिव्यांगजन के लिए अलग कमरा और अनुकूल शौचालय की व्यवस्था होगी। इन भवनों में शादी-विवाह, पारिवारिक समारोह और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। भवनों के आवंटन और प्रबंधन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों की होगी। इसके लिए दरें डीएम की अध्यक्षता वाली समिति तय करेगी। इन भवनों के बनने से ग्रामीणों को महंगे मैरिज होम, टेंट-पंडाल और शहर आने-जाने के खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है।


