Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsCollapse of Mosque Wall Injures Workers at Shahganj Vegetable Market in Prayagraj
शाहगंज में देर रात तक पुलिस, एनडीआरएफ व नगर निगम का चला मलबे में सर्च ऑपरेशन

शाहगंज में देर रात तक पुलिस, एनडीआरएफ व नगर निगम का चला मलबे में सर्च ऑपरेशन

संक्षेप:

Prayagraj News - शाहगंज सब्जी मंडी हादसे में दो मजदूर घायल हो गए थे, जबकि अन्य दो मजदूरों की तलाश में देर रात तक सर्च ऑपरेशन चला। पुलिस, एनडीआरएफ व नगर निगम की टीम ने

Feb 06, 2026 11:06 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। शाहगंज सब्जी मंडी में गुरुवार की शाम निर्माणाधीन बेसमेंट पर अचानक बगल की मस्जिद की जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में दो मजदूर घायल हो गए थे, जबकि अन्य दो मजदूरों की तलाश में देर रात तक सर्च ऑपरेशन चला। पुलिस, एनडीआरएफ व नगर निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाया। हालांकि, किसी भी अन्य मजदूर के मलबे के नीचे नहीं दबे होने की पुष्टि होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। शाहगंज सब्जी मंडी निवासी कोटेदार हबीब का सौदागर की मस्जिद से सटा पुराना मकान था। हबीब इन दिनों पुराने मकान को ढहाकर फिर से निर्माण करा रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वर्तमान में लगभग 15 फीट गहरे बेसमेंट का निर्माण चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे काम खत्म कर मजदूर सामान समेट रहे थे। इसी बीच अचानक मस्जिद की जर्जर दीवार गिर गई। तेज आवाज के साथ दीवार गिरने से खलबली मच गई। घटनास्थल पर शाहगंज थाना पुलिस भी पहुंच गई। आननफानन में मलबे के नीचे दबे दो मजदूर मुकेश व पप्पू को बाहर निकालकर एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि, दो अन्य मजदूरों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका के तहत नगर निगम व एनडीआरएफ की टीम जेसीबी की मदद से मलबा हटाने में जुटी रही। रात लगभग दो बजे तक सर्च ऑपरेशन चला। हालांकि किसी अन्य मजदूर के मलबे के नीचे नहीं दबे होने की पुष्टि हुई। थाना प्रभारी कपिल सिंह ने बताया कि मलबे की चपेट में आने से दो मजदूर घायल हुए थे। देर रात सर्च ऑपरेशन के बाद किसी अन्य के नहीं दबने की पुष्टि हुई है।