आईसीएसई में लक्षिता, आईएससी में निष्कर्ष ने बढ़ाया मान
प्रयागराज, सीआईएससीई के आईएससी और आईसीएसई का परिणाम गुरुवार को घोषित किया गया। लक्षिता कुशवाहा ने आईसीएसई में 99.20 प्रतिशत और निष्कर्ष गुप्ता ने आईएससी में 99.25 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कई छात्रों ने 99 प्रतिशत अंक पार किए और स्कूलों का परिणाम भी शानदार रहा।
प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन्स (सीआईएससीई) के इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट (आईएससी या 12वीं) और इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (आईसीएसई या 10वीं) का परिणाम गुरुवार को घोषित हो गया। इस परीक्षा में भी संगमनगरी के होनहारों ने चमक बिखेरी है। गर्ल्स हाईस्कूल एंड कॉलेज की लक्षिता कुशवाहा ने आईसीएसई (10वीं) में 99.20 प्रतिशत जबकि आईएससी (12वीं) में सेंट जोसेफ्स कॉलेज के विज्ञान वर्ग के निष्कर्ष गुप्ता ने 99.25 फीसदी अंकों के साथ चमक बिखेरी है।
छात्रों की सफलता
इनके अलावा कई मेधावियों ने 99 प्रतिशत अंकों का जादुई आंकड़ा पार करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। स्कूलों का परिणाम भी शानदार रहा है। ब्वॉयज हाईस्कूल एंड कॉलेज के 314 परीक्षार्थी आईएससी में शामिल हुए जिनमें से 44 को 90 प्रतिशत से अधिक प्राप्त हुए हैं जबकि आईसीएसई में सम्मिलित 492 छात्र-छात्राओं में से 108 को 90 फीसदी या अधिक अंक मिले हैं। आईपीईएम इंटरनेशनल स्कूल के आईएससी में शामिल 70 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक जबकि आईसीएसई में 78 फीसदी से अधिक परीक्षार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
विशेष छात्र
सेंट जॉन्स एकेडमी करछना से आईसीएसई में 138 छात्र शामिल हुए जिनमें 27 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। काव्यांश ठाकुर ने अंग्रेजी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, इतिहास और नागरिक शास्त्र, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान में पूरे 100 अंक प्राप्त किए। आईएससी के 87 छात्रों में से 18 ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए।


