चाइनीज मंझे से अब स्कूटी सवार लहूलुहान
Prayagraj News - पुलिस-प्रशासन चाइनीज मंझे की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने में नाकाम हैं। मीरापुर में स्कूटी सवार मनोज त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पुरानी झूंसी निवासी मोहम्मद साहिल भी मंझा फंसने से घायल हुए। शहर में लगातार ऐसे हादसे होते रहते हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मंझे की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने में पुलिस-प्रशासन नाकाम है। इससे आए दिन राहगीर घायल हो रहे हैं। अब मीरापुर में स्कूटी सवार चाइनीज मंझे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। करैलाबाग निवासी 45 वर्षीय मनोज त्रिपाठी बैंक ऑफ इंडिया के बीसी प्वाइंट में काम करते हैं। वह रविवार दोपहर करीब ढाई बजे स्कूटी से मीरापुर सब्जी मंडी की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक चाइनीज मंझे की चपेट में आ गए। जब तक स्कूटी रोकते तब तक गले में गहरा जख्म होने से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए।
आसपास के लोगों ने तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने इलाज कर जान बचाई।वहीं रविवार को ही पुरानी झूंसी निवासी मोहम्मद साहिल यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज(ईसीसी) के सामने अचानक मंझा गले में फंस जाने से घायल हो गए थे। अस्पताल में डॉक्टर ने आठ टांके लगाए हैं। विदित हो कि शहर में आए दिन चाइनीज मंझे से हादसे होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


