
पोर्टल बंद, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र का काम रुका
Prayagraj News - प्रयागराज में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाला पोर्टल बंद होने से लोगों में अफरातफरी मच गई है। आवेदकों को जोनल कार्यालयों से लौटाया जा रहा है और उन्हें दो से तीन दिन इंतजार करने के लिए कहा जा रहा है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों की बैठक बुलाई है और पोर्टल के अपडेट के बाद फिर से चालू होने की उम्मीद है।
प्रयागराज। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाला पोर्टल बंद होने से अफरातफरी मच गई है। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र लेने जोनल कार्यालयों में आ रहे लोगों को लौटाया जा रहा है। सभी आवेदकों से दो से तीन दिन इंतजार करने के लिए आग्रह किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से पोर्टल बंद होने की शिकायत पहुंची तो अधिकारियों ने लखनऊ शासन से संपर्क किया। शासन से केंद्र सरकार का पोर्टल बंद होने की जानकारी दी गई। बताया गया है कि पोर्टल को अपडेट किया जा रहा है। लोगों को कहा जा रहा है कि दो या तीन दिन बाद पोर्टल चालू होने पर जोनल कार्यालयों से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाया जाएगा।
इस समय जन्म-मृत्यु प्रमाण बनवाने के लिए लोग नगर निगम के जोनल कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। खासकर बच्चों के दाखिला के लिए जन्म प्रमाण पत्र के आवेदन का जोनल कार्यालयों में अंबार लगा है। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र की मांग के बढ़ते दबाव को देखते हुए नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने गुरुवार को जोनल अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। प्रमाण पत्र बनाने वाला पोर्टल बंद होने की जानकारी होने पर नगर आयुक्त ने मीटिंग टाल दी। मुट्ठीगंज जोन के जोनल अधिकारी संजय ममगई ने बताया कि पोर्टल बंद होने से प्रमाण पत्र बनाने का काम रोका गया है। इस समय सिर्फ आवेदन लिया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




