Prayagraj News: अबकी बैरहना में दिखाई देगा आमेर किला
Prayagraj News: प्रयागराज की बैरहना बारवारी दुर्गा पूजा कमेटी इस बार शताब्दी वर्ष का दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजित कर रही है। पंडाल की थीम 'आमेर किला' रखी गई है, जिसका निर्माण 30 सितंबर से शुरू होगा। 10 अक्टूबर तक पंडाल का कार्य पूरा करने की योजना है, जिसमें मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा और राम मंदिर का मॉडल भी होगा।

Prayagraj News: प्रयागराज। बैरहना बारवारी दुर्गा पूजा कमेटी इस बार शताब्दी वर्ष का दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजित करने जा रही है। इसको देखते हुए महोत्सव का आकर्षण बढ़ाने की तैयारियां की गई हैं। इसीलिए कमेटी के अध्यक्ष उमेश माथुर व महामंत्री दीपक कीर्ति ने अन्य पदाधिकारियों की सहमति से पूजा पंडाल की थीम ‘आमेर किला’ रखने का निर्णय छह महीने पहले लिया था। आमेर किला जयपुर के पास आरावली की पहाड़ियों पर स्थित है। उसी की तर्ज पर पंडाल बनाया जाएगा। कमेटी ने थीम के अनुसार बंगाली टोला स्थित दुर्गा पूजा स्थल पर अगस्त के तीसरे सप्ताह में पंडाल का कार्य शुरू कराया था।
लेकिन बारिश की वजह से अब तक बल्लियों का स्ट्रक्चर ही खड़ा किया जा सका है। किला तैयार करने के लिए गुजरात से प्लास्टिक फाइबर मंगाया जा चुका है और 30 सितंबर से कोलकाता के एक दर्जन कारीगर 40 फीट ऊंचाई का किला बनाने का काम शुरू करेंगे।पंडाल का निर्माण रात-दिन कराकर दस अक्तूबर तक पूरा करने की तैयारी की गई है। खास बात है कि मुख्य द्वार पर मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा लगवाई जाएगी जबकि पंडाल में प्रवेश करते ही अयोध्या के प्रभु श्रीराम मंदिर का मॉडल आकर्षित करेगा। कमेटी के महामंत्री दीपक कीर्ति ने बताया कि 11 अक्तूबर को मां दुर्गा की प्रतिमा पंडाल में आ जाएगी।

