Prayagraj News: कस्तूरबा विद्यालय में बालिकाओं से संवाद, साथ बैठकर किया भोजन
Prayagraj News: प्रयागराज में, सीडीओ हर्षिका सिंह ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बालिकाओं के शैक्षिक स्तर को संतोषजनक पाया और बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम के लक्ष्य पर जोर दिया। छात्राओं को कंप्यूटर और एआई के प्रयोग के लिए प्रशिक्षित किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टेशनरी बैग और अन्य सामग्री वितरित की गई।

Prayagraj News: प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। सीडीओ हर्षिका सिंह ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कौड़िहार और इसके उच्चीकृत परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ बालिकाओं से संवाद किया। इस दौरान सीडीओ ने बालिकाओं के साथ बैठकर दोपहर का भोजन भी किया।
शैक्षिक स्थिति
निरीक्षण के दौरान बालिकाओं का शैक्षिक स्तर संतोषजनक मिला। सीडीओ ने वार्डन और छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम की परंपरा बनाए रखने के साथ नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने के टिप्स दिए। उन्होंने अंग्रेजी, गणित और कंप्यूटर शिक्षा को मजबूत करने पर जोर दिया। बालिकाओं को एक्सेल और पावर प्वाइंट (पीपीटी) के उपयोग की जानकारी भी दी गई। सीडीओ ने आईसीटी लैब के माध्यम से बालिकाओं को कंप्यूटर और एआई के प्रयोग में दक्ष बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने दीक्षा और पीएम ई-विद्या के उपयोग की भी जानकारी वार्डन श्रद्धा तिवारी से ली। इस दौरान बालिकाओं को स्टेशनरी बैग और अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की गई।
आवासीय व्यवस्था
बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विद्यालय की आवासीय व्यवस्था और शैक्षिक वातावरण संतोषजनक पाया गया। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा संतोष तिवारी ने बताया कि जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में आउट ऑफ स्कूल और कभी पंजीकृत न होने वाली बालिकाओं का नामांकन कर उन्हें आवासीय सुविधा के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इंटरमीडिएट तक निर्बाध शिक्षा के लिए सभी केजीबीवी को उच्चीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी केजीबीवी के नियमित निरीक्षण के लिए डीएम मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में समिति गठित की गई है। ब्लॉक स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी को नोडल बनाया गया है। वह प्रत्येक सप्ताह विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजेंगे। निरीक्षण के दौरान बीडीओ कौड़िहार कंचन यादव भी मौजूद रहीं।


