पायलटों को तालाब से निकालने वाले जांबाजों को मिला एक-एक लाख रुपये
Prayagraj News - प्रयागराज में केपी कॉलेज के पास एक तालाब में माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट की आपातकालीन लैंडिंग के बाद तीन जांबाजों ने दो पायलटों को सुरक्षित निकाला। जिलाधिकारी ने उन्हें एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार और अस्थाई नौकरी का आश्वासन दिया। गणतंत्र दिवस पर इन जांबाजों को सम्मानित किया गया था।
प्रयागराज के केपी कालेज के पास तालाब में माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट की आपातकालीन लैंडिंग के बाद दो पायलटों को बचाने वाले तीन जांबाजों को एक-एक लाख रुपये पुरस्कार दिया गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने गुरुवार को कलक्ट्रेट में तीनों जांबाजों को एक-एक लाख का चेक देने के बाद नगर निगम में अस्थाई नौकरी देने का भी आश्वासन दिया। जांबाजों को चेक देने के समय मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार आदि मौजूद रहे।
इससे पहले गणतंत्र दिवस पर तीनों जांबाज पंकज सोनकर, आलोक यादव और लाल साहब को एयर ऑफिसर कमांडिंग (एओसी) ने बमरौली में सम्मानित किया था। बमरौली में जांबाजों को सम्मानित करने के दौरान दोनों पायलट भी मौजूद थे। गणतंत्र दिवस पर ही पुलिस लाइन में आयोजित परेड में सलामी लेने के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तीनों जांबाजों को सम्मानित किया था।
उन्होंने कहा कि बीते दिनों एयरक्राफ्ट में फंसे पायलटों को सुरक्षित निकालने के लिए उनके सेवाभाव को अभिनंदन करता हूं। ठीक इसी तरह का भाव हर देशवासियों में होना चाहिए। गणतंत्र दिवस समारोह में तीनों जांबाजों को एक-एक लाख नकद राशि और नौकरी देने की भी घोषणा की गई थी। महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने भी पंकज सोनकर, आलोक यादव और लाल साहब को सम्मानित किया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




