कर्मचारी एसआईआर में व्यस्त, कहां से लाएं जन्म प्रमाणपत्र
Prayagraj News - प्रयागराज में जन्म प्रमाणपत्र बनाने में देरी हो रही है। विक्रम त्रिपाठी और संजू शाह जैसे कई लोग प्रमाणपत्र के लिए तहसील के चक्कर काट रहे हैं। कर्मचारियों की व्यस्तता के कारण बैकलॉग बढ़ रहा है। निर्वाचन आयोग के दस्तावेजों की मांग ने जन्म प्रमाणपत्र की आवश्यकता को बढ़ा दिया है।

प्रयागराज। अल्लापुर के विक्रम त्रिपाठी का जन्म वर्ष 2001 में हुआ है। उन्होंने बीती 28 जनवरी को जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। तहसील में विक्रम का जन्म प्रमाणपत्र अब तक नहीं बन सका है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी डेटा फीडिंग में व्यस्त हैं और इसके कारण काम में समय लग रहा है। नया कटरा के संजू शाह ने जनवरी में जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। इस बार मतदाता बनने के लिए फॉर्म भरा तो उन्हें नोटिस मिल गई। जन्म प्रमाणपत्र उनके पास था तो लेकिन अब मिल नहीं रहा है। इससे बनवाने के लिए वो एक बार फिर सदर तहसील के चक्कर काट रहे हैं।
ये महज दो मामले नहीं हैं, इनके साथ सैकड़ों मामले तहसीलों में आ रहे हैं। लोगों के पास अपने दस्तावेज हैं तो भी उनके पास माता-पिता के विवरण नहीं हैं और इस वक्त जन्म व जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय में कतार लगी हुई है। प्रतिदिन 20 से 25 लोग आकर अपने प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। क्यों चाहिए प्रमाणपत्र आयोग ने जो दस्तावेज मांगे हैं, उनमें कुछ प्रमाणपत्र ऐसे हैं, जो पर्याप्त हैं। हालांकि निर्वाचन आयोग ने 13 प्रकार के प्रमाणपत्र मान्य किए हैं, लेकिन लोगों को जन्म तिथि के लिए सबसे कारगर दस्तावेज जन्म प्रमाणपत्र ही लग रहा है। यही कारण है कि इसकी मांग बढ़ गई है। सदर तहसील के एक कर्मचारी ने बताया कि पोर्टल पर बीते एक महीने के भीतर ही 1273 आवेदन आए हैं। मांग में यही कहा जा रहा है कि एसआईआर के लिए नोटिस आया है, इसलिए प्रमाणपत्र चाहिए। अब उन्हें यह बताया जा रहा है कि दूसरे दस्तावेज भी दे सकते हैं तो लोग मान नहीं रहे हैं। कर्मचारी लगे हैं एसआईआर में जन्म प्रमाणपत्र का बैकलॉग बढ़ने का बड़ा कारण कर्मचारियों का एसआईआर अभियान में लगे रहना है। एसडीएम अभिषेक कुमार सिंह का कहना है कि कर्मचारी इस वक्त एसआईआर अभियान में ही जुटे हैं। नोटिस देने और इसका जवाब अपलोड करने में कर्मचारी जुटे हैं। उनका कहना है कि जो आवेदन आ रहे हैं, उसका निस्तारण किया जा रहा है। पुराने जन्म प्रमाणपत्र बनाने से पहले जांच तो करनी ही पड़ेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



