असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की पुर्नपरीक्षा शुरू, पहले दिन 46 फीसदी गैरहाजिर
By Newswrap
हिन्दुस्तान, प्रयागराजप्रयागराज में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर की 17 विषयों की पुनर्परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा छह जिलों में विभिन्न केंद्रों पर हुई। पहले दिन 41629 में से 19718 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एआई निगरानी का उपयोग किया गया।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या-51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 17 विषयों की पुर्नपरीक्षा रविवार को दूसरे दिन सुबह 9:30 बजे छह जिलों के 53 केंद्रों पर शुरू हो गई। दूसरे दिन 16 विषयों की पुर्नपरीक्षा कराई जा रही है। पहले दिन शनिवार को दोनों पालियों में पंजीकृत 41629 अभ्यर्थियों में से 19718 (47.36 प्रतिशत) अभ्यर्थी उपस्थित रहे। यानि आधे से अधिक 21911 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इनमें 41.35 प्रतिशत महिला और 58.65 फीसदी पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा प्रदेश के छह जिलों आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक हुई। पुनर्परीक्षा में एशियन कल्चर, म्यूजिक तबला, फिजिकल एजुकेशन, उर्दू, इंग्लिश, सोशियोलॉजी, केमिस्ट्री, एजुकेशन, जूलॉजी, बॉटनी, एग्रीकल्चरल इकोनॉमिक्स, हिंदी, लॉ, एनिमल हसबेंड्री एंड डेयरी, म्यूजिक वोकल, फिलॉसफी और एंथ्रोपोलॉजी सहित कुल 17 विषय शामिल रहे।
एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से सघन निगरानी
प्रयागराज। परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए चयन आयोग में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों की लाइव निगरानी की गई। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सचिव मनोज कुमार, परीक्षा नियंत्रक और उपसचिव की मौजूदगी में एआई कैमरों के जरिए परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। एआई आधारित निगरानी और सख्त प्रशासनिक व्यवस्था के चलते यह परीक्षा पारदर्शिता और निष्पक्षता का उदाहरण बनी है।
लखनऊ के एक केंद्र पर लगी आग
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में प्रथम पाली से पहले प्रधानाचार्य कक्ष की एसी वायरिंग में आग लगने की सूचना मिली। हालांकि प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया और नोडल अधिकारी व आयोग के प्रेक्षक की मौजूदगी में परीक्षा केंद्र को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत संचालित कर परीक्षा सकुशल कराई गई।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


