
अब आर्य कन्या में बीएएलएलबी की फीस होगी इविवि के बराबर
संक्षेप: Prayagraj News - आर्य कन्या डिग्री कॉलेज ने बीएएलएलबी (पांच वर्षीय) द्वितीय वर्ष की फीस 50 हजार रुपये से घटाकर 45 हजार रुपये कर दी है, जो इलाहाबाद विश्वविद्यालय के बराबर है। यह निर्णय अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के आंदोलन के बाद लिया गया। एबीवीपी ने कॉलेज प्रशासन पर अधिक शुल्क वसूलने का आरोप लगाया था।
प्रयागराज, कार्यालय संवाददाता। आर्य कन्या डिग्री कॉलेज ने बीएएलएलबी (पांच वर्षीय) द्वितीय वर्ष की फीस में पांच हजार रुपये की कटौती कर दी है। अब यह फीस इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के बराबर होगी। इविवि में बीएएलएलबी द्वितीय वर्ष की फीस 45 हजार रुपये है, जबकि संबद्ध महाविद्यालय आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में 50 हजार रुपये लिए जा रहे थे। कई दिनों से फीस घटाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता लगातार आंदोलनरत थे। एबीवीपी का आरोप था कि कॉलेज प्रशासन छात्राओं से विश्वविद्यालय के निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली कर रहा था। एबीवीपी के महानगर मंत्री प्रतीक मिश्रा सूरज ने कहा कि यह जीत छात्र एकता और संगठन की दृढ़ प्रतिबद्धता की विजय है।

सह-मंत्री अभिनव पांडेय ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल न्याय था, जो आज प्राप्त हुआ। वहीं आस्था सिंह ने इसे छात्राओं के आत्मसम्मान की जीत बताया। इस अवसर पर विभाग संयोजक यशार्थ श्रीवास्तव, अमन शुक्ला, ज्ञान प्रकाश, सौरभ पांडेय, प्रिंस सिंह, विदित शुक्ला, श्रेय वर्मा और अंकिता यादव आदि उपस्थित रहे। कोट- अब बीएएलएलबी द्वितीय वर्ष में छात्राओं से इलाहाबाद विश्वविद्यालय के बराबर ही फीस ली जाएगी। बीएएलएलबी द्वितीय वर्ष की छात्राओं को 45 हजार रुपये शुल्क देना होगा। -प्रो. अर्चना पाठक, प्राचार्य, आर्य कन्या डिग्री कॉलेज।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




