Prayagraj News: कम उम्र में ही बढ़ रहा जोड़ों के दर्द, कमजोर हो रहीं हड्डियां
Prayagraj News: विश्व गठिया दिवस पर प्रयागराज के विशेषज्ञों ने जोड़ों के दर्द और हड्डियों की सेहत के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की। डॉक्टरों के अनुसार विटामिन डी की कमी कैल्शियम अवशोषण और हड्डियों को प्रभावित कर सकती है। मोबाइल के अधिक इस्तेमाल से धूप में समय बिताना घट रहा है। जीवनशैली में सुधार गठिया के जोखिम और दर्द को कम करने में मददगार हो सकता है।

Prayagraj News: प्रयागराज। जोड़ों के दर्द और हड्डियों से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूकता के लिए सोमवार को विश्व गठिया दिवस मनाया जाएगा। इस बार गठिया दिवस की थीम है ‘अपने सपनों को साकार करें’। डॉक्टरों के अनुसार गठिया जोड़ों में होने वाली एक सूजन संबंधी बीमारी है, जो जोड़ों के आसपास के भाग को अधिक प्रभावित करती है। इसके कारण जोड़ों में तेज दर्द, जकड़न और सूजन आ जाती है। बेली अस्पताल के आर्थो विभाग के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय राजपाल ने बताया कि विटामिन-डी की कमी से शरीर, कैल्शियम को सही तरीके से अवशोषित नहीं कर पाता, जिससे हड्डियां कमजोर हो सकती हैं और जोड़ों में दर्द की समस्या बढ़ सकती है।
इसलिए धूप में बैठना या टहलना शरीर में विटामिन डी के प्राकृतिक निर्माण में मदद करता है। हालांकि मोबाइल की बढ़ती लत के कारण लोग धूप में कम बैठते हैं, जिससे कम उम्र में ही हड्डियां कमजोर हो रही हैं। अस्पताल की ओपीडी में आने वाले 10 में से सात मरीज मोबाइल के कारण प्राकृतिक रूप से विटामिन डी नहीं प्राप्त कर पाते।मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के आर्थो विभाग के सर्जन डॉ. सचिन यादव ने बताया कि वैसे तो गठिया 100 तरह की होती है लेकिन मरीजों में ऑस्टियोआर्थराइटिस और रूमेटॉइड आर्थराइटिस दो मुख्य रूप से गठिया पाई जाती है। ऑस्टियोआर्थराइटिस में जहां हड्डियों के जोड़ों को आपस में रगड़ने वाले सुरक्षात्मक आवरण (कार्टिलेज) के घिसावट से होता है। वहीं रूमेटॉइड आर्थराइटिस में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने से जोड़ों के ऊतकों को नुकसान पहुंचाता है। अस्पताल की ओपीडी में आने वाले युवाओं में ज्यादातर रूमेटॉइड आर्थराइटिस की समस्या रहती है। जीवनशैली में कुछ सुधार करके गठिया के जोखिम और दर्द को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

