तिलक से किया तमिल मेहमानों का स्वागत
Prayagraj News - प्रयागराज में काशी तमिल संगमम् यात्रा के तहत तमिल मेहमानों का पांचवां दल वीआईपी घाट पर पहुँचा। महापौर और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। महापौर ने टीम लीडर को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेहमानों ने संगम का अवलोकन किया और विभिन्न मंदिरों के दर्शन किए।
प्रयागराज,संवाददाता। काशी तमिल संगमम् यात्रा के तहत तमिल मेहमानों के पांचवे दल का आगमन शुक्रवार को संगम के वीआईपी घाट पर हुआ। जिनका स्वागत महापौर चन्द्र गणेश केसरवानी, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा एवं नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह ने तिलक व माल्यार्पण कर के किया। इस दौरान वीआईपी घाट पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने तमिल मेहमानों के टीम लीडर को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र व गंगा जल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं क्षेत्रीय अभिलेखागार और पांडुलिपि पुस्तकालय की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी में प्राचीन ताड़पत्र व कागजी पांडुलिपियों को तमिल सदस्य ने कर उसके महत्व को जाना। वहीं एनसीजेडसीसी के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
महापौर ने कहा कि काशी तमिल संगमम् यात्रा उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का सशक्त प्रतीक है और यह पहल प्रधानमंत्री की एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को मजबूत करती है। जिलाधिकारी ने यात्रा दल के प्रयागराज आगमन को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिलता है। मेहमानों को मोटर बोट से संगम का अवलोकन कराया गया, मेहमानों ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम का अवलोकन से मंत्रमुग्ध हो उठे। बाद में टीम ने सैंड आर्ट, लेटे हनुमान मंदिर, शंकर विमान मंडपम और स्वामीनारायण मंदिर के दर्शन किए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


