Prayagraj News: नकाबपोश बदमाशों ने कबाड़ कारोबारी को लूटा
Prayagraj News: हार्टमनगंज में रात को कबाड़ की दुकान पर बदमाशों ने धावा बोला। कारोबारी जीतलाल को असलहे से पीटकर 15,000 रुपये और जेवरात लूट लिए। लुटेरों ने उनकी कार भी चुरा ली। पुलिस ने मास्टरमाइंड को हिरासत में लिया और अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। घायल जीतलाल को अस्पताल भेजा गया।

Prayagraj News: हार्टमनगंज में मंगलवार देर रात कबाड़ की दुकान पर धावा बोलकर असलहे से लैस बदमाशों ने कारोबारी से मारपीट कर रुपये और जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश कबाड़ कारोबारी की कार भी लेकर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलने पर सक्रिय पुलिस ने लूट के मास्टर माइंड को हिरासत में ले लिया। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। फाफामऊ थाना क्षेत्र के रंगपुरा गांव निवासी जीतलाल की थरवई क्षेत्र के हार्टमनगंज में कबाड़ की दुकान है। जीतलाल दुकान पर रहते हैं। आरोप है कि देर रात आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में धावा बोला।
जीतलाल की असलहे की बट से पिटाई कर 15 हजार रुपये, सोने व चांदी की अंगूठी और कार लूटकर फरार हो गए। घटनास्थल पर एसीपी थरवई अजयेंद्र यादव और थरवई थाना प्रभारी पंकज सिंह पहुंचे। पुलिस ने रात में ही दुकान पर पूर्व में काम करने वाले सोरांव निवासी एक युवक को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, कड़ाई से पूछताछ में पूर्व कर्मचारी ही लूट का मास्टरमाइंड निकला। उससे पूछताछ में लूटपाट करने वाले आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत लेकर लूट का कुछ माल भी बरामद कर लिया है। वहीं, घायल जीतलाल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। एसीपी थरवई अजयेंद्र यादव ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।


