पूर्व मंत्री के समधी के घर चोरी, दरोगा पर ताना तमंचा
Prayagraj News - पूर्व मंत्री बाबूलाल भंवरा के समधी कमला शंकर सरोज के घर पर हथियारबंद बदमाशों ने चोरी की। बदमाशों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसकर अलमारियों को खंगाला। पड़ोसी दरोगा की आहट पर बदमाश भाग गए। चोरी में 2.26 लाख नकद और 15 लाख रुपये के जेवरात चुराए गए। पुलिस की लापरवाही पर पूर्व मंत्री नाराज हुए।

पूर्व मंत्री बाबूलाल भंवरा के समधी कमला शंकर सरोज के घर मंगलवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वहीं, पड़ोसी दरोगा व अन्य लोगों द्वारा आहट मिलने पर पकड़ने की कोशिश की, तो नकाबपोश बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाश भागते दिखे हैं। झूंसी पुलिस एफआईआर दर्ज कर बदमाशों की शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी है। पीडब्ल्यूडी ठेकेदार कमला शंकर सरोज 12 अप्रैल को अपने पिता सतई राम का निधन होने पर परिवार समेत पैतृक गांव मवैया सरायममरेज गए थे। जबकि, हवेलिया स्थित मकान पर ताला लगा था। मंगलवार की देर रात तीन नकाबपोश बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़ घर के अंदर घुसे और अलमारियों को खंगाल रहे थे।
तभी पड़ोस में रहने वाले एक दरोगा, जो लखनऊ में तैनात हैं, ड्यूटी से लौटे। आहट सुनकर उन्होंने अपने परिजनों को बुलाया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख भागना शुरू किया। आसपास के लोगों ने पकड़ने की कोशिश की तो बदमाश ने पीछे मुड़कर तमंचा तान दिया। तमंचा देख लोग ठिठक गए और शातिर बदमाश फरार हो गए। बदमाशों ने पड़ोसी उदय प्रकाश के घर के गेट पर बाहर से ताला लगा दिया, ताकि कोई बाहर न आ सके।पुलिस की सुस्ती पर भड़के पूर्व मंत्रीरात में ही पीड़ित परिवार लौटा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमला शंकर सरोज ने बताया कि 2.26 लाख नकदी के अलावा करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी जेवरात चोरी हुई है। उधर, रातभर पुलिस सिर्फ औपचारिकता निभाती रही। सुबह तक न डॉग स्क्वाड व फॉरेंसिक टीम और न ही थाने की पुलिस पहुंची। इस लापरवाही पर पूर्व मंत्री बाबूलाल भंवरा का पारा चढ़ गया। उन्होंने सीधे पुलिस कमिश्नर को फोन कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


