Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsAnti-Corruption Unit Arrests Clerk for Bribery in Pratapgarh Municipality
नगर पालिका का लिपिक घूस लेने में गिरफ्तार, ईओ भी फंसे

नगर पालिका का लिपिक घूस लेने में गिरफ्तार, ईओ भी फंसे

संक्षेप:

Prayagraj News - प्रयागराज में एंटी करप्शन यूनिट ने नगर पालिका परिषद प्रतापगढ़ के लिपिक प्रशांत सिंह को ठेकेदार से 87,500 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा। आरोपी ने ईओ अभिनव यादव का नाम लिया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

Jan 09, 2026 06:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। एंटी करप्शन यूनिट प्रयागराज ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद प्रतापगढ़ के लिपिक प्रशांत सिंह को ठेकेदार से साढ़े 87 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। आरोपी ने पूछताछ में नगर पंचायत ढकवा के अधिशासी अधिकारी(ईओ) के भी इसमें शामिल होने की बात बताई, जिस पर एंटी करप्शन टीम ने ईओ अभिनव यादव और लिपिक प्रशांत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। लिपिक प्रशांत सिंह को पुलिस को सौंपकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। ऊंज, भदोही के मूलनिवासी ठेकेदार प्रवीण रामपाल वर्तमान में झूंसी प्रयागराज में रहते हैं। प्रवीण ने छह जनवरी को एंटी करप्शन यूनिट प्रयागराज में नगर पंचायत ढकवा के ईओ और लिपिक पर रिश्वत मांगने की लिखित शिकायत की थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शिकायती पत्र में बताया था कि नपं के ईओ अभिनव यादव और लिपिक प्रशांत सिंह ने उनकी फर्म को आवंटित कार्यों की साइट विजिट और कर अधीक्षक की अनुमति करवाने के एवज में 87,500 रुपये की रिश्वत मांगी है। लिपिक प्रशांत सिंह की तैनाती नगर पालिका प्रतापगढ़ में है, लेकिन उसके पास नगर पंचायत ढकवा का भी अतिरिक्त प्रभार है। शिकायत पर एंटी करप्शन यूनिट की निरीक्षक अंजलि यादव के नेतृत्व में 14 सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को योजनाबद्ध तरीके से नगर पालिका प्रतापगढ़ में शिकायतकर्ता प्रवीण राजपाल से रिश्वत लेते हुए लिपिक प्रशांत सिंह को पकड़ लिया। जिसके बाद लिपिक प्रशांत सिंह को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया और रिश्वत मांगने के आरोप में नपं ढकवा के ईओ अभिनव यादव के खिलाफ भी नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है।