ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश प्रयागराजगंगा को अविरल और निर्मल करने के साथ रोजगार से भी जोड़ेंगे

गंगा को अविरल और निर्मल करने के साथ रोजगार से भी जोड़ेंगे

सूबे के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि गंगा को अविरल और निर्मल करने के साथ ही उसे रोजगार से भी जोड़ेंगे। डिप्टी सीएम गंगा यात्रा के दौरान कौशाम्बी के कड़ाधाम में गुरुवार को आयोजित जनसभा को...

गंगा को अविरल और निर्मल करने के साथ रोजगार से भी जोड़ेंगे
हिन्दुस्तान टीम,प्रयागराजThu, 30 Jan 2020 06:40 PM
ऐप पर पढ़ें

सूबे के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि गंगा को अविरल और निर्मल करने के साथ ही उसे रोजगार से भी जोड़ेंगे। खनिज संपदा, नए घाटों का निर्माण, नौकायन को बढ़ावा देने के साथ ही खेल मैदान बनाएंगे। ऑर्गेनिक खेती, इको टूरिज़म, आयुष वेलफेयर सेंटर, गंगा चबूतरा, मछली पालन को बढ़ावा देंगे। गंगा हमारे लिए मां ही नहीं मां से बढ़कर हैं। डिप्टी सीएम गंगा यात्रा के दौरान कौशाम्बी के कड़ाधाम में गुरुवार को आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। संबोधन के अंत में उन्होंने लोगों को गंगा को अविरल और निर्मल करने का संकल्प दिलाया। कहा कि इसके लिए सबकी भागीदारी जरूरी है।

डॉ. दिनेश शर्मा प्रयागराज स्थित सर्किट हाउस से गंगा यात्रा लेकर दोपहर करीब 12 बजे कड़ाधाम पहुंचे थे। रास्ते भर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों ने यात्रा का स्वागत किया। कड़ा धाम में आयोजित जनसभा में दिनेश शर्मा ने कहा कि जीवन दायिनी गंगा का प्रदेश के करीब 40 प्रतिशत लोगों से सीधा संबंध है। हम खनिज संपदा और स्वच्छ जल के लिए गंगा पर निर्भर हैं। यह हमारी संस्कृति का प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा को अविरल और निर्मल करने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हम इस काम को आगे बढ़ा रहे हैं। कहा कि सरकार ने गंगा में गिरने वाले 79 नालों का प्रवाह रोका है। 25 पर काम चल रहा है। कई शहरों में नए एसटीपी बनाए जा रहे हैं। कहा कि यात्रा के दौरान जनसमूह नहीं बल्कि जनसमुद्र उमड़ा था। गंगा मइया की जय और गौ माता की जय के साथ संबोधन समाप्त किया।

प्रदेश सरकार के मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, नंद गोपाल नंदी, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, डॉ. नीलकंठ तिवारी, सुरेश पासी, सांसद कौशाम्बी विनोद सोनकर, जिले के विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष अनीता, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी, शंकर गिरी आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें