इलाहाबाद विश्वविद्यालय : चारों विद्यार्थियों का निलंबन वापस, आंदोलन समाप्त
Prayagraj News - प्रयागराज में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के चार विद्यार्थियों का निलंबन वापस ले लिया गया। छात्रों का धरना और अनशन समाप्त हो गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की प्रमुख मांगों पर सहमति जताई और अन्य मुद्दों के समाधान का आश्वासन दिया। विवाद की शुरुआत सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ी घटना से हुई थी।

प्रयागराज, कार्यालय संवाददाता। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के चारों विद्यार्थियों का निलंबन मंगलवार देर रात वापस ले लिया गया। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से चल रहा छात्रों का धरना–प्रदर्शन और मंगलवार शाम शुरू हुआ अनशन समाप्त हो गया। दिशा छात्र संगठन के नेतृत्व में सोमवार सुबह 11 बजे प्रारंभ हुआ यह आंदोलन रातभर और पूरे मंगलवार शाम तक जारी रहा। कई दौर की वार्ताओं के बावजूद समाधान नहीं निकल पा रहा था, लेकिन देर रात विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन ने छात्रों की प्रमुख मांगों पर सहमति जताते हुए निलंबन वापस लेने का निर्णय किया। एडीएम सिटी सत्यम मिश्र ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने चारों विद्यार्थियों संजय, सौम्या, निधि और चंद्रप्रकाश का निलंबन समाप्त कर दिया है।
छात्रों की ओर से उठाए गए अन्य मुद्दों, जैसे पानी की व्यवस्था और टॉयलेट के दरवाजों की मरम्मत आदि को विश्वविद्यालय ने पांच दिन में पूरा कराने का आश्वासन दिया है। चीफ प्रॉक्टर पर अभद्रता के आरोपों से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रार, डीएसडब्ल्यू और छात्रों की ग्रीवांस सेल की संयुक्त बैठक होगी, जिसके निष्कर्ष के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। विवाद की शुरुआत फैज स्मृति दिवस पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ी है। आरोप है कि कार्यक्रम की सूचना देने पहुंचे चार छात्र कार्यकर्ताओं को प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने प्रॉक्टर कार्यालय में बिठाकर उनके साथ अभद्रता की। विरोध जताने पर सौम्या और संजय को तत्काल निलंबित करते हुए परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई। इसी के विरोध में छात्र गुरुवार से आंदोलनरत थे। सोमवार को अवकाश के बाद बड़ी संख्या में छात्र परिसर में एकत्र हुए और लाइब्रेरी गेट पर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति गंभीर होती देख पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। वर्जन- विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों का निलंबन वापस लेने की मांग को मान लिया। साथ ही अन्य मांगों पर छात्र हित में विचार करने और उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है। -प्रो. जया कपूर, पीआरओ, इविवि

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




