एलएलएम, एमबीए टॉपर्स को एयूएए देगा 25 हजार की छात्रवृत्ति
Prayagraj News - इलाहाबाद यूनिवर्सिटी एल्युमिनाई एसोसिएशन की बैठक में छात्रों के हित में कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई। एलएलएम और एमबीए में टॉप करने वाले छात्रों के लिए 25 हजार रुपये की छात्रवृत्ति का प्रस्ताव रखा गया। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति देने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा इंटर्नशिप की पहचान और वेबसाइट प्रचार पर भी निर्णय लिया गया।

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी एल्युमिनाई एसोसिएशन (एयूएए) की बैठक मंगलवार को एक होटल में हुई। अध्यक्षता इविवि छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ द्विवेदी ने की। जबकि एयूएए जनरल सेक्रेटरी डॉ. शिखा दरबारी भी उपस्थित रहीं। बैठक में विश्वविद्यालय के छात्रों के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। प्रस्ताव रखा गया कि एलएलएम और एमबीए में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए 25 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रारंभ की जाए। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी यह छात्रवृत्ति देने का सुझाव दिया गया। सदस्यों को अपने माता-पिता के नाम पर भी छात्रवृत्ति शुरू करने की अनुमति देने तथा इसकी जानकारी संगठन की वेबसाइट पर प्रकाशित करने पर सहमति बनी।
इंटर्नशिप के लिए छात्रों की पहचान इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण विभाग के माध्यम से कराने का भी निर्णय लिया गया। इलाहाबाद में एक केंद्रीय समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा गया, जो संगठन के कार्यालय और अतिथियों के समन्वय का कार्य करेगी। संगठन की वेबसाइट के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा नए सदस्यों को पहचान पत्र और प्रमाण पत्र प्रदान करने का भी निर्णय लिया गया। विजय कुमार सिंह ने सिंगापुर और मलेशिया यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि विदेशों में बसे पूर्व छात्र इलाहाबाद में एक सॉफ्टवेयर उद्योग स्थापित करने के इच्छुक हैं। इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, प्रदीप तिवारी, अजय कुमार शुक्ला, अरविंद मिश्रा, आरपी पांडेय, जयवर्धन त्रिपाठी, आलोक पांडेय, एपी तिवारी, तिलक तिवारी, हिमांशु मिश्रा, सुरेंद्र मिश्रा, श्याम बिहारी और अंकित मिश्र आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


