ताबड़तोड़ दस गोलियां मारकर अफसार को उतारा था मौत के घाट
Prayagraj News - हिस्ट्रीशीटर अफसार अहमद को बदमाशों ने ताबड़तोड़ दस गोलियां मारकर मौत के घाट उतारा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दो गोली शरीर के आरपार होने और आठ गोलियां

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। हिस्ट्रीशीटर अफसार अहमद को बदमाशों ने ताबड़तोड़ दस गोलियां मारकर मौत के घाट उतारा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दो गोली शरीर के आरपार होने और आठ गोलियां शरीर के अलग-अलग हिस्से में लगने की पुष्टि हुई है। घटनास्थल पर पुलिस को दो खोखा भी मिला था। ऐसे में तीन-चार सुपारी किलर बदमाशों के एक साथ अंधाधुंध गोलियां चलाने की आशंका है। उधर, मृतक की पत्नी शकीला ने पूर्व प्रधान व उसके बेटे समेत पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मऊआइमा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। मूलरूप से प्रतापगढ़ का हिस्ट्रीशीटर 48 वर्षीय अफसार अहमद अपनी ससुराल मऊआइमा के मरखामऊ गांव में रहता था।
उसकी मंगलवार रात कंचनपुर मोड़ के समीप अज्ञात बदमाशों ने बाइक से घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोलियों की आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण पहुंचते, तब तक हमलावर बाइक से फरार हो गए। पुलिस की तफ्तीश में अब तक बदमाशों का सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने बुधवार शाम पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दस गोली लगने की पुष्टि हुई है। जिस तरह ताबड़तोड़ गोलियां मारी गईं, इससे बदले की भावना से हत्या की आशंका है। हिस्ट्रीशीटर अफसार अहमद जनवरी 2024 में हिस्ट्रीशीटर नसीम की हत्या के आरोप में जेल गया था। वह लगभग छह महीने पहले ही हत्या के एक मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। मृतक की पत्नी शकीला ने पूर्व ग्राम प्रधान वाजिद अली उर्फ बचऊ, उसके पुत्र मंसूर उर्फ झल्लू समेत आशिक उर्फ दुर्रानी, अतीक अहमद व अकबर सभी निवासी शिवपुर सुल्तानपुर खास और गुलफाम निवासी मरखामऊ के अलावा चार अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की भी जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




