टैंकर से टकराई कार, गैस रिसाव से हाईवे ढाई घंटे रहा ठप

टैंकर से टकराई कार, गैस रिसाव से हाईवे ढाई घंटे रहा ठप

संक्षेप:

Prayagraj News - प्रयागराज के फाफामऊ में दिल्ली-हावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार गैस टैंकर से टकरा गई। टक्कर से टैंकर का वॉल्व टूट गया और प्रोपीलीन गैस का रिसाव होने लगा। फायर ब्रिगेड और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। लगभग ढाई घंटे बाद हाईवे पर यातायात बहाल हुआ।

Dec 11, 2025 07:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

फाफामऊ (प्रयागराज), हिन्दुस्तान टीम। दिल्ली-हावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर थरवई इलाके में गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे गैस टैंकर में जा घुसी। कार की टक्कर से गैस टैंकर का वॉल्व क्षतिग्रस्त हो गया और अत्यधिक ज्वलनशील गैस प्रोपीलीन का तेजी से रिसाव होने लगा। इसकी जानकारी होते ही खलबली मच गई और एनएचएआई, थरवई पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। गैस रिसाव का खतरा कम करने के लिए लगभग ढाई घंटे तक फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों से टैंकर पर पानी का छिड़काव किया गया। इस दौरान नेशनल हाईवे की दोनों लेन पर बैरिकेड्स लगाकर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

लगभग तीन घंटे तक हाईवे पर कई किमी तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। मथुरा से साढ़े 17 हजार लीटर प्रोपीलीन गैस लेकर टैंकर चालक प्रवेश कुमार ओडिशा जा रहा था। रास्ते में थरवई थानाक्षेत्र के बेरुई गांव के समीप हाईवे पर पीछे से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर टैंकर के बीच में घुस गई। कार की टक्कर से टैंकर का वॉल्व टूट गया और तेजी से गैस का रिसाव होने लगा। हादसे के बाद कार छोड़कर चालक फरार हो गया। इधर, घटना की जानकारी होते ही एनएचएआई के सेफ्टी मैनेजर अभिषेक यादव व प्रदीप यादव ने तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घटनास्थल पर ज्वलनशील गैस का तेजी से रिसाव देख हाईवे पर बैरिकेड्स लगाकर आवागमन बंद करा दिया गया। सीएफओ सीएम शर्मा के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम लगातार पानी का बौछार करती रही। खतरे की आंशका को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों को एनएचएआई की ओर से सतर्क रहने की सलाह दी जाती रही। लगभग ढाई घंटे बाद गैस का रिसाव थोड़ा कम होने पर कार को बाहर निकालने के बाद सीएफओ ने वॉल्व में वैकल्पिक लोहे की गुल्ली लगाकर टैंकर को रिंगरोड के किनारे खड़ा कराया। दोपहर लगभग तीन बजे हाईवे पर आवागमन बहाल हो सका। उधर, थरवई पुलिस क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश कर रही है।