Prayagraj News: ‘स्वर-संवाद’ में अभिजीत घोषाल के गायन से सजी शाम
Prayagraj News: प्रयागराज में स्वरालय म्यूजिक कलेक्टिव में ‘स्वर-संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर पार्श्व गायक अभिजीत घोषाल ने हरिहरन के गजलों और फिल्मी गीतों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। वरिष्ठ पत्रकार आनंद कक्कड़ ने हरिहरन की गजलों की रचना यात्रा साझा की। जलज श्रीवास्तव की गजल ने भी कार्यक्रम को ऊंचाइयां दी।
Prayagraj News: प्रयागराज। लोहिया मार्ग स्थित संस्था स्वरालय म्यूजिक कलेक्टिव के परिसर में ‘स्वर-संवाद’ आयोजित किया गया। इस मौके पर बॉलीवुड के पार्श्व गायक अभिजीत घोषाल ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। शास्त्रीय संगीत पर उनकी मजबूत पकड़ भजन, गजल व फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों में साफ दिखाई दी। अभिजीत ने ‘कब तक यूं ही रुलाएगी’, ‘दर-ओ-दीवार पे शक्लें से बनाने आई’, ‘मुंह देखने वालों के लिए’ व ‘मरीज-ए-इश्क का क्या है’ सहित पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात पार्श्व गायक हरिहरन की गजलों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों से समा बांधा। कार्यक्रम हरिहरन के 50 वर्षीय संगीत सफर को समर्पित रहा। अभिजीत की ‘चंदा रे चंदा रे’, ‘तू ही रे’ व ‘यादें याद आती है’ जैसे लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुति पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाई।
वरिष्ठ पत्रकार व कहकशां फाउंडेशन के संस्थापक आनंद कक्कड़ ने अपनी बहुचर्चित पुस्तक ‘उस्ताद-ए-गजल : हरिहरन’ के प्रसंगों की कथावाचन शैली में प्रस्तुति की। उन्होंने हरिहरन की प्रमुख गजलों की रचना यात्रा साझा की, जिससे श्रोताओं को गजलों के भाव, संदर्भ व हरिहरन के संगीत को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिला।शास्त्रीय गायक जलज श्रीवास्तव के गजल ‘दिल से हर गुजरी बात गुजरी है’ की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को ऊंचाइयां दी। तबले पर वासुदेव पांडेय ने संगत की। आयोजक अनुराधा व पंकज श्रीवास्तव ने ऐसे संगीतपरक आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर डॉ. शांति चौधरी, डॉ. घनश्याम मिश्र, तरुण भाटिया, नीलिमा श्रीवास्तव, डॉ. देवेश त्रिपाठी, आदित्य, आदिश्री पाठक, अजीत व निधि श्रीवास्तव, सुजॉय घोष, अर्चना कक्कड़ सहित कई संगीतप्रेमी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


