Hindi NewsUP NewsPrayagraj Magh Mela Live Updates: CM Yogi Adityanath visits as lakhs of devotees arrive for a holy dip on the first da
Magh Mela Live: माघ मेले में मुलायम की फोटो का स्नान, 2 बजे तक 19 लाख लोगों ने लगाई डुबकी

Magh Mela Live: माघ मेले में मुलायम की फोटो का स्नान, 2 बजे तक 19 लाख लोगों ने लगाई डुबकी

संक्षेप:

प्रयागराज में पौष पूर्णिमा के पावन मौके पर माघ मेले का शुभारंभ हो गया है। सीएम योगी ने मेले की तस्वीरे शेयर करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। महाकुंभ की तर्ज पर पहली बार कई नई व्यवस्थाएं की गईं हैं। सपा नेता ने मुलायम सिंह यादव की तस्वीर को संगम में स्नान कराया है।

Jan 03, 2026 02:38 pm ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

प्रयागराज में पौष पूर्णिमा के पावन मौके पर माघ मेले का शुभारंभ हो गया है। सीएम योगी ने मेले की तस्वीरे शेयर करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस बार यहां पहली बार कई व्यवस्थाएं की गईं हैं। प्रशासन को पहले दिन ही 30 लाख लोगों के स्नान का अनुमान है। फिलहाल सुबह नौ बजे तक ही सात लाख से ज्यादा लोगों ने डुबकी लगा ली थी। त्रिवेणी तट पर डेढ़ माह तक चलने वाले माघ मेला 2026 महाकुंभ 2025 की तर्ज पर नई व्यवस्थाओं के साथ शुरू हुआ है। पूरे मेला अवधि के दौरान 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इसलिए तैयारियां भी उसी अनुरूप की जा गई हैं। मेला क्षेत्र का विस्तार कर गंगा पर बनने वाले पांटुन पुलों की संख्या में इजाफा किया गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मेला प्रशासन का अनुमान है कि शनिवार को पहले स्नान पर्व पर 25 से 30 लाख श्रद्धालु पावन त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगाएंगे। महाकुम्भ से इतर पहली बार माघ मेला का लोगो जारी किया गया है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने निजी कंपनियों से बात कर बाइक सुविधा भी शुरू की है, जिससे श्रद्धालु संगम के करीब तक जा सकें। इसके साथ ही पहली बार बिजली के पोल पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिसके जरिए लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे, दावा है कि मिनटों में उन्हें मदद मिलेगी।

दोपहर 2.00 बजेः पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के अवसर पर दोपहर 2 बजे तक लगभग 19 लाख लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई।

दोपहर 1.00 बजेः नगर भ्रमण पर निकले भगवान वेणी माधव

द्वादश माधव के प्रधान भगवान वेणी माधव की नगर भ्रमण यात्रा पौष पूर्णिमा के अवसर पर दारागंज मंदिर परिसर से निकली। यात्रा शुरू करने से पहले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री और जूना अखाड़े के संरक्षक महंत हरीगिरि, मंदिर की महंत विभूति नारायण त्रिपाठी ने भगवान की आरती उतारी। इसके बाद भगवान को रथ पर बैठाया गया। जैसे ही यात्रा शुरू हुई नगर वासियों ने आरती उतारी और भगवान को प्रणाम किया।

दोपहर 12.00 बजेः जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग अभियान भी पुलिस चला रही है।

सुबह 11.30 बजेः समाजवादी पार्टी के संस्थापक यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तस्वीर को संगम स्नान कराया। वीडियो हो रहा वायरल।

सुबह 11.00 बजेः घोड़े से गिरकर सिपाही घायल, अस्पताल में भर्ती

मेला की सुरक्षा ने लगे घुड़सवार पुलिसकर्मी सुधीर कुमार मिश्र घोड़े से गिर जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें त्रिवेणी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं, लल्लू एंड सेंस के कार्यालय में टेंट का कार्य कर रहे कोलकाता के भगवान दास गिर जाने के कारण घायल हो गए। उन्हें त्रिवेणी अस्पताल में भर्ती किया गया। मेला क्षेत्र के परेड ग्राउंड में स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में सुबह से अब तक 270 लोगों का उपचार हो चुका है।

सुबह 10.45 बजेः भारी पड़ रहा मौसम, सुबह से 800 पहुंचे ओपीडी

माघ मेला के पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा पर आने वाले श्रद्धालुओं पर मौसम भारी पड़ रहा है। मेला में ठंड लगने, बुखार, खांसी, सीने में दर्द व दुर्घटना ने घायल श्रद्धालुओं का मेला क्षेत्र के अस्पतालों में उपचार चल रहा है। मेला क्षेत्र के सबसे बड़े त्रिवेणी अस्पताल ने सुबह से अब तक लगभग 800 मरीज ओपीडी में आ चुके हैं। इसमें 80 लोगों की जांच हुई है और 40 लोगों का भर्ती किया गया। आठ मरीज को रेफर किया गया।

माघ मेला

सुबह 10.14ः सुरक्षाकर्मी की कुर्सी से टकराया ड्रोन

मेला क्षेत्र में ड्रोन को प्रतिबंधित किया गया है। इसके बाद भी तमाम लोग ड्रोन उड़ाकर फोटो खींच रहे हैं। शनिवार को पौष पूर्णिमा के स्नान पर्व पर संगम वॉच टावर पर ड्यूटी कर रहे एक सुरक्षा कर्मी की कुर्सी से ड्रोन टकरा गया। अचानक तेज आवाज आने से सुरक्षाकर्मी घबरा गए और कुर्सी टूट गई। भला हो कर्मचारी टावर के बीच में बैठे थे अगर किनारे बैठे होते तो हादसा भी हो सकता था। इसके बाद पुलिस ने मेला क्षेत्र में गश्त बढ़ाई और ड्रोन चलाने वालों को रोका।

सुबह 10.00 बजेः अब तक नौ लाख लोगों ने लगाई डुबकी

माघ मेले के प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के अवसर पर सुबह 10 बजे तक लगभग 9 लाख लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई।

सुबह 09.45 बजेः सादे वेश में भी मेला क्षेत्र में स्पेशल पुलिस

माघ मेला में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा इंतजाम कायम है। मेला क्षेत्र के प्रवेशद्वार से लेकर संगम नोज तक पुलिस और सुरक्षा बल की टीमें सक्रिय हैं। इसके साथ ही संदिग्धों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। सादे वेश में भी पुलिस की स्पेशल टीम मेला क्षेत्र में पहुंची है।

सुबह 09.30 बजेः एनडीआरएफ-पीएसी लगातार कर रही चक्रमण

स्नानार्थियों की सुरक्षित आस्था की डुबकी में किसी तरह का व्यवधान न पड़े, इसके लिए भी व्यापक इंतजाम हैं। जल पुलिस, एनडीआरएफ और पीएसी की टीमें मोटर बोट से चक्रमण करते हुए मुस्तैद है। स्नानार्थियों को बीच बीच में डीप वाटर बैरिकेड्स को पार नहीं करने की अपील की जा रही है।

सुबह 09.15 बजेः पहले ही दिन अपनों से बिछड़े कई

मेला के पहले दिन ही भीड़ की वजह से कई लोग अपनों से बिछड़ गए। खोया पाया केंद्र से लगातार मेले में बिछड़े लोगों की लाउडस्पीकर से सूचना प्रसारित की जाती रही।

सुबह 09.00 बजेः चूरन वाली नकली नोट के साथ दो संदिग्ध पकड़े गए

चूरन वाली नकली नोट के साथ दो संदिग्ध पकड़े गए

मेला में शनिवार को दो संदिग्ध चूरन वाली नकली नोट को भंजाने के चक्कर में पकड़े गए। साधु के भेष वाले दोनों से मेला पुलिस पूछताछ में जुटी है।

सुबह 08.00ः 6.5 लाख ने किया स्नान

माघ मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार पहले स्नान पर सुबह आठ बजे तक 6.5 लाख लोगों ने गंगा स्नान कर लिया था। अब तक कई प्रमुख संत महात्मा स्नान कर चुके हैं। किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी अपने अनुयायियों के साथ मेला क्षेत्र में स्नान के लिए पहुंची हैं। तमाम श्रद्धालु यहां पहली बार स्नान के लिए आए हैं।

सुबह 06.45ः चोर उचक्के सक्रिय, एक दर्जन को पकड़ा

संगम की धरती पर पुण्य कमाने आए लोगों को परेशान करने के लिए त्रिवेणी तट पर चोर उचक्के भी सक्रिय हैं। किसी का पर्स तो किसी की घड़ी तो किसी के कपड़े लेकर यह लोग फरार हो रहे हैं। त्रिवेणी तट पर मौजूद सिविल डिफेंस की टीम ने अब तक एक दर्जन ऐसे चोरों को पकड़ा है। सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन अनिल कुमार ने बताया कि सभी को पुलिस को सौंपा गया है। इन लोगों के पास से सामान भी बरामद किया गया है।

सुबह 06.30ः मुंबई से 64 यात्रियों का जत्था आया

मेला क्षेत्र में पौष पूर्णिमा के पहले स्नान पर डुबकी लगाने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं। मुंबई महाराष्ट्र साइन नाथ तीर्थ क्षेत्र से 64 श्रद्धालुओं का जत्था भी संगम आ गया है। दल के साथ आए संजय देशमुख ने बताया कि महाकुंभ का बहुत प्रचार हुआ था। मीडिया में महाकुंभ ही छाया था। तभी से सभी की संगम स्नान की इच्छा थी। इस बार पहले ही स्नान पर्व पर आ गए हैं। क्या पता आगे भीड़ के कारण आने में परेशानी हो। उन्होंने बताया कि यहां आए हैं तो हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे और पवित्र अक्षयवट के भी दर्शन करेंगे। सभी की शहीद स्थल जाकर माथा टेकने की भी इच्छा है। भीड़ में अपने लोगों को पहचानने के लिए सभी ने सफेद टोपी पहन रखी है।

सुबह 06.14ः सीएम योगी ने लिखा- श्रीगङ्गादेव्यै नमः

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर माघ मेले की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि श्रीगङ्गादेव्यै नमः। कहा कि माघ मेला के शुभारंभ एवं पावन पौष पूर्णिमा की सभी श्रद्धालुओं व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाने हेतु तीर्थराज प्रयाग पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, सभी अखाड़ों एवं कल्पवासियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन। माँ गंगा, माँ यमुना एवं माँ सरस्वती सभी के मनोरथ पूर्ण करें, यही प्रार्थना है।

सुबह 06.00ः संगम की रेती पर कल्पवास शुरू

माघ मास के प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा पर शनिवार को संगम को रेती पर सकल पुण्य के निमित्त कल्पवास शुरू हो गया। लाखों कल्पवासियों में ब्रह्ममुहुर्त में स्नान-दान करके कल्पवास का संकल्प लिया। कल्पवासियों ने तीर्थपुरोहितों के सानिध्य में गंगा पूजन किया। विधिविधान से पूजन-अर्चन कर भगवान वेणी माधव से आशीष प्राप्त किया।शिविर के बाहर रोपे गए तुलसी के बिरवा और बोए गए जौ में जल अर्पित कर मां गंगा से सुख-समृद्धि की कामना की। कल्पवासी शिविर जप, तप, भजन-कीर्तन से गुलज़ार हो गए।

श्रद्धालुओं को न हो समस्या सतत करें निरीक्षण: सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार रात माघ मेले की तैयारी की ऑनलाइन समीक्षा की। सीएम ने अफसरों को निर्देश दिया कि वो सतत भ्रमणशील रहें। किसी भी श्रद्धालुओं को जरूरी मांग में लेकर समस्या नहीं आनी चाहिए। माघ मेले में व्यवस्थाओं को सुचारु करने व पर्यटन के दृष्टिगत नए प्रयोग करने के लिए भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि प्रत्येक कल्पवासी का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।

उन्होंने मेला अधिकारी ऋषिराज को निर्देश दिया कि मेले की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण करें। उनसे कहा कि रोजाना की रिपोर्ट मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को दें। मंडलायुक्त व जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि विभागों के समन्वय में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सीएम ने खाद्य सुरक्षा व आपूर्ति विभाग को स्वास्थ्य के दृष्टिगत लगातार काम करने के लिए कहा। पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि मेले के आयोजन के दौरान जिले व शहर का यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए। सुरक्षा की दृष्टिगत सभी आवश्यक कदम तत्काल उठाएं।