प्रतीक यादव की तेरहवीं आज, श्राद्ध के कार्ड में अपर्णा के साथ अखिलेश समेत मुलायम परिवार के कई नाम
Prateek Yadav News: मुलायम सिंह के बेटे प्रतीक यादव की आज सोमवार को तेरहवीं है। अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर पोस्ट किया है, जिस कार्ड में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत अन्य नाम हैं।

Prateek Yadav News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव की सोमवार को लखनऊ में तेरहवीं है। प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव ने रविवार देर शाम श्राद्ध का कार्ड सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, चाचा शिवपाल सिंह यादव समेत सैफई परिवार से कई नाम हैं। प्रतीक का 13 मई को निधन हो गया था। दाह संस्कार के सोशल मीडिया कार्ड में अपर्णा और उनकी दोनों बेटियों का नाम था। प्रतीक की तेरहवीं लखनऊ में उनके विक्रमादित्य मार्ग आवास पर आज दोपहर 12 बजे से है।
अपर्णा यादव ने प्रतीक के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर रविवार की रात 8 बजे फेसबुक और एक्स पर तेरहवीं का एक कार्ड पोस्ट किया, जिसमें उनके और अखिलेश यादव के साथ दोनों बेटी पद्मजा व प्रथमा के अलावा अमन, अदिति और अत्यना का नाम है। अमन अपर्णा के भाई, अदिति अखिलेश की बड़ी बेटी और अत्यना अमन की बेटी हैं। इस कार्ड को शेयर करने के लगभग घंटे भर बाद फिर से अपर्णा ने फेसबुक पर एक और कार्ड पोस्ट किया, जिसमें मुलायम परिवार से अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव, डिंपल यादव, तेज प्रताप यादव, आदित्य यादव के साथ उनकी दोनों बेटियों का नाम है।
अंतिम यात्रा से अस्थि विसर्जन तक साथ दिखा यादव परिवार
अपर्णा यादव भले ही भाजपा की नेता हैं, लेकिन प्रतीक यादव के निधन के बाद पूरा यादव परिवार साथ दिखा था। प्रतीक के निधन की खबर मिलने पर सबसे पहले अस्पताल पहुंचने वालों में सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ही थे। इसके बाद दाह संस्कार से लेकर अस्थि विसर्जन तक यादव परिवार के सदस्य साथ दिखाई दिए थे। दाह संस्कार के दौरान अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, आदित्य यादव, तेज प्रताप यादव, धर्मेंद्र यादव समेत यादव परिवार के लगभग सभी सदस्य पूरे समय अंत्येष्टि स्थल पर रहे। हरिद्वार में अस्थि विसर्जन के दौरान भी यादव परिवार की तरफ से शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव अपर्णा और उनकी बेटियों के साथ-साथ ही रहे।
मुलायम परिवार के सभी सदस्य तेरहवीं में शामिल होंगे। मुलायम के निधन पर भी पूरा परिवार एक साथ दिखा था। तब सैफई में कई दिनों तक परिवार के सदस्य साथ-साथ ही हर संस्कार में शामिल हुए थे। अब प्रतीक की तेरहवीं पर भी मुलायम परिवार उसी तरह जुटेगा। अपर्णा यादव के आवास पर कल से तेरहवीं की तैयारियां चल रही हैं। माना जा रहा है कि सपा, भाजपा के साथ-साथ दूसरे दलों के बहुत सारे नेता और कार्यकर्ता प्रतीक को श्रद्धांजलि देने आज जुटेंगे।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


