प्रतीक यादव के जन्मदिन पर पत्नी अपर्णा का खास पोस्ट, बेटी ने पियानो बजाकर पापा को दी शुभकामनाएं
अपर्णा यादव के पति रहे प्रतीक यादव का आज जन्मदिन है। इस मौके पर उन्होंने ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर उन्हें याद किया। लिखा कि जैसा तुमने कहा था, तुम हमेशा जवान रहोगे। इस तस्वीर में अपर्णा, प्रतीक और उनकी बेटी साथ नजर आ रहे हैं।

Prateek Yadav Birthday: मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के दिवगंत पति प्रतीक यादव का आज जन्मदिन है। इस मौके पर अपर्णा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर उन्हें याद किया। उन्होंने अपने परिवार की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'जैसा तुमने कहा था, तुम हमेशा जवान रहोगे।' इस तस्वीर में अपर्णा, प्रतीक और उनकी बेटी साथ नजर आ रहे हैं।
यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने देर रात करीब साढ़े 12 बजे यह पोस्ट शेयर कर प्रतीक यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने बेटी प्रथमा का एक वीडियो भी शेयर किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रथमा अपने पापा की याद में पियानो पर ‘हैप्पी बर्थडे’ की धुन बजाती दिखाई दे रही हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में बताया गया है कि यह वही पियानो है, जो प्रथमा को उनके पापा प्रतीक यादव ने उपहार में दिया था। इसी पियानो के जरिए उन्होंने अपने दिवंगत पिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
वीडियो देख भावुक हुए लोग
अपर्णा यादव द्वारा शेयर प्रतीक यादव की फोटो और उनकी बेटी प्रथमा का वीडियो देख लोग भावुक हो गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा और एक्स पर लोग बधाई देते हुए भावुक कमेट किए। एक्स पर एक यूजर ने लिखा कि प्रतीक यादव का परिवार बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहा है। खासकर बेटियां जो अपने पापा की सबसे प्यारी और दुलारी होती है उनके आंसुओं को सहारे की जरूरत है। दुख सभी को है परंतु ईश्वर से बढ़कर कोई नहीं, एक दिन अच्छे दिन आयेंगे। एक अन्य यूजर ने लिखा कि अपनों के दूसरी दुनिया में जाने के बाद जिंदगी में ऐसा खालीपन आता है, जिसे समय भी नहीं भर पाता। अपने लोग जीवन से चले जाते हैं, लेकिन उनकी हंसी, उनकी बातें, उनका प्यार और उनसे जुड़ी अनगिनत यादें हमेशा हमारे साथ रहती हैं।
13 मई को प्रतीक यादव का हुआ था निधन
बीत 13 मई को अखिलेश के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन हो गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण खून का थक्का जमना बताया गया था। पोस्टमार्टम में छह सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम ने पाया कि मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म यानी फेफड़े की मुख्य नस में खून का बड़ा थक्का फंस गया। इससे सांस और दिल की कार्यप्रणाली बंद होने से प्रतीक की सांसें थम गईं। चिकित्सा विज्ञान में इसे कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स कहते हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक प्रतीक के शरीर पर छह चोटें थीं। चार चोटें दाएं हाथ पर कोहनी से कलाई तक थीं। एक चोट छाती के दाईं तरफ थी। एक चोट बाईं कलाई पर थी। सभी चोटें गिरने से लगने की आशंका है। कोई भी चोट ऐसी नहीं है, जिससे मौत हो सके।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

