एचटी लाइन के ढीले तार में लगी टेंट की पाइप, युवक की मौत
Pratapgarh-kunda News - एचटी लाइन के ढीले तार से छूकर 18 वर्षीय युवक अश्वनी की मौत हो गई, जबकि उसका भाई विकास झुलस गया। घटना के बाद परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार किया। यह घटना उमरपुर चौराहे के पास हुई, जहाँ परिवार ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी।

एचटी लाइन के ढीले तार में टेंट की पाइप छू गई, जिससे युवक की मौत हो गई। जबकि साथ टेंट का सामान उतार रहा भाई झुलस गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना शव का पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई। लालगंज कोतवाली के उमरपुर निवासी राममूरत वर्मा की उमरपुर चौराहे के पास अलीपुर मार्ग पर किराना व खाद बीज की दुकान है। शुक्रवार को दुकान पर सत्यनारायण की कथा सुनाई जानी थी। सुबह राममूरत वर्मा का बेटा 18 वर्षीय अश्वनी उर्फ गोलू के साथ बड़ा भाई 20 वर्षीय विकास ट्रैक्टर से टेंट का सामान लेकर आए और घर के सामने ही ट्रैक्टर खड़ाकर उतारने लगे।
टेंट की पाइप उतारते समय ऊपर से गुजरी एचटी लाइन के ढीले तार में छू गई। जिससे अश्वनी व विकास दोनों झुलस गए। यह देख परिजन घबरा गए और दोनों को ट्रैक्टर से नीचे उतारा। इसके बाद दोनों को रायबरेली के सलोन सीएचसी ले गए। सीएचसी में चिकित्सकों ने अश्वनी को मृत घोषित कर दिया। जबकि बड़े भाई विकास का इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही मानिकपुर गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना को लेकर आसपास के लोग एचटी लाइन के ढीले तार की वजह बता रहे हैं। मामले में परिजनों ने घटना को लेकर पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


