Pratapgarh Kunda News: पुलिस से अभद्रता, पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप
Pratapgarh Kunda News: भंगवा गांव में एक छात्रा की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई, जिससे स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। परिजनों के साथ ग्रामीणों ने शव रखकर पुलिस से झड़प की। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद और 50-60 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करेगी।

Pratapgarh Kunda News: शहर के करीब भंगवा गांव में बुधवार दोपहर ट्रैक्टर से कुचलकर छात्रा की मौत के बाद शाम को भंगवा चुगी के पास जाम लगाने में छह लोगों को नामजद करते हुए 50-60 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इन पर पुलिस से अभद्रता, पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है। नगर कोतवाली के भंगवा जूड़ा का पुरवा निवासी संदीप कुमार गौतम की आठ वर्षीय बेटी रितिका की बुधवार दोपहर स्कूल से लौटते समय ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। शाम को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों संग ग्रामीणों ने भंगवा चुंगी के पास अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
शव उठाने को लेकर लोगों की पुलिस से खासी झड़प हो गई। शहर में जाम की स्थिति बन गई और एंबुलेंस भी फंस गई। गुरुवार सुबह छात्रा के शव का अंतिम संस्कार करने के बाद रात को भंगवा चुंगी चौकी इंचार्ज अमित सिंह ने मामले में पुलिस से अभद्रता, पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया। इसमें सुजीत कुमार, मेघई, नागेंद्र कुमार, गोलू सरोज, ज्ञानेंद्र, सुरेंद्र प्रताप और 50-60 अज्ञात को आरोपी बनाया। सीओ आशुतोष मिश्र ने बताया कि उपद्रव में शामिल लोगों को वीडियो क्लिप से चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।


