Pratapgarh Kunda News: कॉलेज जा रहे छात्र को दबंगों ने बेल्ट से पीटा
Pratapgarh Kunda News: बाबा बेलखरनाथ धाम के पास कॉलेज जा रहे एक छात्र को तीन युवकों ने बेल्ट से बुरी तरह पीटा। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई की और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

Pratapgarh Kunda News: बाबा बेलखरनाथ धाम, हिन्दुस्तान संवाद। दिलीपपुर थाना क्षेत्र के बेलखरनाथ धाम के समीप शुक्रवार सुबह कॉलेज जा रहे एक छात्र को यहियापुर गांव के ही तीन युवकों ने बेल्ट से बेरहमी से पीट दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित छात्र की उक्त शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिलीपपुर थानाक्षेत्र के सराय नानकार निवासी सुमित विश्वकर्मा शुक्रवार सुबह करीब 8:45 बजे अपने घर से कंधई इलाके के एक इंटर कॉलेज पढ़ने जा रहा था।
उसने पुलिस को बताया कि जैसे ही वह बाबा बेलखरनाथ धाम के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद यहियापुर निवासी आफताब, सफवान उर्फ हंजला और सहवान ने उसे रोक लिया और गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने अपनी बेल्ट निकालकर उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसे शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। पीड़ित छात्र के शोर मचाने पर आसपास के राहगीरों और ग्रामीणों को आता देख आरोपियों ने उसे छोड़ दिया। भागते समय आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी कि यदि उसने पुलिस या कहीं भी शिकायत की तो वे मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। घटना के बाद वायरल वीडियो को लेकर पुलिस हरकत में आ गई। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी आफताब, सफवान उर्फ हंजला और सहवान निवासी यहियापुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस संबंध में थाना प्रभारी दिलीपपुर विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि घायल छात्र के इलाज साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

